धक्का दिया गया या खुद अपार्टमेंट से कूदा था शिवा शर्मा? फोरेंसिक रिपोर्ट से आज खुल सकते हैं मौत का राज
लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी सुलझाने में फोरेंसिक रिपोर्ट अहम है। पुलिस को सीन रीक्रिएशन रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे पता चलेगा कि शिवा की मौत हादसा थी, आत्महत्या या हत्या।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
फोरेंसिक टीम की सीन रीक्रिएशन रिपोर्ट का पुलिस को इंतजार है।
शिवा की मौत हादसा, आत्महत्या या हत्या थी, रिपोर्ट बताएगी।
रिपोर्ट से घटनाक्रम की दिशा और गिरने की संभावित स्थिति स्पष्ट होगी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रयाग नारायण रोड स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी सुलझाने में शुक्रवार का दिन अहम हो सकता है। चौथी मंजिल से गिरकर हुई शिवा की मौत हादसा थी, आत्महत्या या फिर उसे नीचे धकेला गया था?
इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस को फोरेंसिक टीम की सीन रीक्रिएशन रिपोर्ट का इंतजार है। करीब 35 दिन बाद किए गए घटनाक्रम के परीक्षण की रिपोर्ट से यह स्पष्ट करने में मदद मिल सकती है कि शिवा किस परिस्थिति में नीचे गिरा था।
फोरेंसिक टीम ने शिवा के वजन के बराबर पुतले के जरिये घटनास्थल पर दो अलग-अलग परिस्थितियों में सीन रीक्रिएट किया था। पहली स्थिति में पुतले को फ्लैट से धक्का दिए जाने की आशंका के आधार पर नीचे गिराया गया, जबकि दूसरी स्थिति में खुद छलांग लगाने की संभावना को ध्यान में रखकर परीक्षण किया गया। दोनों परिस्थितियों में पुतले के गिरने की जगह में अंतर सामने आया था।
अब रिपोर्ट में दर्ज निष्कर्षों से पता चलेगा कि इनमें से कौन सी स्थिति घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों से अधिक मेल खाती है। पुलिस रिपोर्ट का मिलान आरोपित श्रद्धा, रश्मि और अन्य संबंधित लोगों के बयानों से करेगी। नौकरानी के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए दूसरे साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।
जांच अधिकारियों के लिए यह रिपोर्ट इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे घटनाक्रम की दिशा और गिरने की संभावित स्थिति का वैज्ञानिक आकलन करने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि नौ अक्टूबर को अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें- यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से नवंबर को बारिश के आसार, बढ़ेगी ठिठुरन
मामले में स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस अब तक जुटाए गए बयानों और साक्ष्यों के साथ फोरेंसिक रिपोर्ट का मिलान कर मौत की असल वजह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हालांकि, रिपोर्ट आने के बाद भी अंतिम निष्कर्ष जांच के सभी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही सामने आएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।