लखनऊ में युवती को कार से टक्कर मारने वाला यश ठाकुर बना शाहनवाज गिरफ्तार, घायल का चल रहा इलाज
Lucknow Crime News: युवती को प्रेम के जाल में फंसाने के लिए यश ठाकुर बने शाहनवाज से पुलिस लव जेहाद के प्रकरण में पूछताछ कर रही है।
HighLights
कार के बोनट पर लटकी युवती को गिराकर उसके पैर पर गाड़ी चढ़ाकर भागा था शाहनवाज
कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह को सनसनीखेज बनाने वाले युवक को पुलिस ने उसके वाहन के नंबर के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। युवती को प्रेम के जाल में फंसाने के लिए यश ठाकुर बने शाहनवाज से पुलिस लव जेहाद के प्रकरण में पूछताछ कर रही है। शाहनवाज के साथ ही कार में बैठे उसके मित्र दानिश के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
लखनऊ में सुबह करीब छह बजे जनेश्वर मिश्र पार्क के पास विवाद के दौरान यश ठाकुर बने शाहनवाज ने युवती को कार से टक्कर मार दी। इसके बाद घायल युवती को सड़क पर छोड़कर शाहनवाज भाग गया। हिट एंड रन के इस मामले में पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं और कार के नंबर के आधार पर आरोपित की तलाश शुरु की गई।
दोपहर में पुलिस की टीमों ने यश ठाकुर उर्फ शाहनवाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसको गिरफ्तार किया गया। गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने युवती पर कार चढ़ाने वाले युवक शाहनवाज को पकड़ने के साथ उसकी कार भी बरामद कर ली है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती की ओर से शाहनवाज पर लव जिहाद का आरोप लगाया गया है। आरोप की पुलिस जांच में पुष्टि होना अभी बाकी है।
घायल युवती का अस्पताल में इलाज
घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवती को आरोपी की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है। युवती के नई गर्लफ्रेंड के साथ युवक के पकड़ने पर विवाद का मामला बताया जा रहा है। युवती का आरोप है कि शाहनवाज ने यश ठाकुर नाम बताकर उसको दोस्ती के जाल में फंसाया। बताया जा रहा है कि युवती और शाहनवाज एक-दूसरे के परिचित हैं। पुलिस के मुताबिक, शाहनवाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुझे फंसाया जा रहा है: शाहनवाज
पुलिस हिरासत में लखनऊ हिट एंड रन के आरोपित शाहनवाज का कहना है कि मुझे फंसाया जा रहा है। उसने कहा कि आरोप लगाने वाली युवती लंबे समय से उसे परेशान कर रही थी। शाहनवाज ने युवती से पैसे के लेनदेन के होने की भी बात बोली है। उसका कहना है कि युवती बीते छह से सात महीने से उसे परेशान कर रही है और उसका पीछा कर रही है।
