विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के सामने धर्मसंकट: सुभासपा ने मंत्री अनिल राजभर की सीट सहित 33 विधानसभा सीटों पर ठोका दावा

Published: Sun, 18 Oct 2026 09:22 AM (IST)

सुभासपा ने भाजपा के सामने 33 विधानसभा सीटों पर दावेदारी पेश की है, जिसमें मंत्री अनिल राजभर की शिवपुर सीट भी शामिल है, जिससे भाजपा धर्मसंकट में है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सुभासपा ने भाजपा से 33 सीटों पर दावेदारी की।

  2. मंत्री अनिल राजभर की शिवपुर सीट भी शामिल है।

  3. भाजपा के लिए गठबंधन में नया धर्मसंकट पैदा हुआ।

हेमंत श्रीवास्तव, लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने विधानसभा सीटों पर दावेदारी को लेकर भाजपा के सामने गहरा धर्मसंकट पैदा कर दिया है। पिछला विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ लड़ने वाली सुभासपा ने भाजपा के राष्ट्रीय व राज्य नेतृत्व को सूची थमाकर जिन सीटों पर दावेदारी ठोंकी है, उसमें भाजपा विधायक व मंत्री अनिल राजभर की शिवपुर सीट भी शामिल है। सुभासपा ने भाजपा के सामने 33 सीटों पर दावेदारी ठोंकी है जिनमें से वर्तमान में नौ पर भाजपा और दो पर निषाद पार्टी के विधायक हैं।

पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर उन्हें 33 सीटों की सूची सौंपी है। सुभासपा अध्यक्ष और मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को यही सूची सौंपी है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली वाराणसी की शिवपुर सीट है, जहां से अनिल राजभर विधायक हैं।

अनिल और ओम प्रकाश के बीच हमेशा 36 का रिश्ता

वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव सुभासपा सपा के साथ मिलकर 17 सीटों पर लड़ी थी। तब भाजपा ने पूर्वांचल में राजभर नेता के रूप में अनिल राजभर को चेहरा बनाया था। अनिल राजभर और ओम प्रकाश राजभर के बीच हमेशा 36 के रिश्ते रहे हैं। दोनों पूर्वी उत्तर प्रदेश में महाराज सुहेलदेव की विरासत के वारिस और 'राजभर' समुदाय के बड़े नेता बनने की होड़ में रहते हैं।

अब एक गठबंधन में होने के बाद भी दोनों के बीच की दूरी में कोई कमी नहीं दिख रही है। पिछले विधान सभा चुनाव में अनिल राजभर के खिलाफ शिवपुर से सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद सपा गठबंधन के प्रत्याशी बनाए गए थे। तमाम प्रयासों के बाद भी को इस सीट पर सुभासपा को हार मिली थी।

निषाद पार्टी के कब्जे वाली सीट भी लिस्ट में

शिवपुर के साथ ही सुभासपा ने भाजपा के कब्जे वाली वाराणसी जिले की अजगरा, कुशीनगर की रामकोला, देवरिया की रामपुर कारखाना, संतकबीरनगर की घनघटा, हरदोई की संडीला, बलरामपुर की उतरौला, बहराइच की बलहा तथा सीतापुर की महोली सीट पर अपनी दावेदारी पेश की है। निषाद पार्टी के कब्जे वाली मीरजापुर की मझवा तथा कुशीनगर की खड्डा सीट को भी अपनी सूची में शामिल किया है।

भाजपा व निषाद पार्टी की सीटों के अलावा सुभासपा की सूची में गाजीपुर जिले की जहूराबाद और जखनिया, जौनपुर की जफराबाद और केराकत, वाराणसी की अजगरा, चंदौली की सकलडीहा, आजमगढ़ की अतरौलिया, दीदारगंज और मेहनगर, मऊ की मऊ सदर और घोसी, बलिया की बेल्थरा रोड, रसड़ा और सिकंदरपुर, अंबेडकरनगर की अकबरपुर, सुल्तानपुर की इसौली, बस्ती की महादेवा और रूधौली, महाराजगंज की फरेंदा, कुशीनगर की रामकोला, बाराबंकी की रामनगर, सिद्धार्थनगर की डुमरियागंज और इटवा, सीतापुर की महोली तथा मुरादाबाद जिले की मुरादाबाद ग्रामीण सीट शामिल हैं।

सुभासपा की सूची कुल इतनी सीटें शामिल

सुभासपा की सूची में गाजीपुर जिले की जहूराबाद और जखनिया, जौनपुर की जफराबाद और केराकत, वाराणसी की अजगरा और शिवपुर, चंदौली की सकलडीहा, आजमगढ़ की अतरौलिया, दीदारगंज और मेहनगर, मऊ सदर और घोसी, बलिया की बेल्थरा रोड, रसड़ा और सिकंदरपुर, अंबेडकरनगर की अकबरपुर, सुल्तानपुर की इसौली, बस्ती की महादेवा और रूधौली, महाराजगंज की फरेंदा, कुशीनगर की रामकोला और खड्डा, देवरिया की रामपुर कारखाना, संतकबीरनगर की घनघटा, बाराबंकी की रामनगर, हरदोई की संडीला, बलरामपुर की उतरौला, बहराइच की बलहा, सिद्धार्थनगर की डुमरियागंज और इटवा, मीरजापुर की मझवा, सीतापुर की महोली तथा मुरादाबाद जिले की मुरादाबाद ग्रामीण सीट शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- एमएलसी चुनाव: भाजपा का अयोध्या में 'माइक्रो मैनेजमेंट' प्लान, हर 20 वोटर पर एक कार्यकर्ता

यह भी पढ़ें- कानपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण: बीएलए एक दिन में भरवा सकेंगे 10 फार्म,भाजपा-सपा बूथों में दिखी सक्रिय