विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एमएलसी चुनाव: भाजपा का अयोध्या में 'माइक्रो मैनेजमेंट' प्लान, हर 20 वोटर पर एक कार्यकर्ता

Published: Sat, 17 Oct 2026 10:56 PM (IST)

भाजपा ने शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए अयोध्या में माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीति अपनाई है। इसके तहत हर 20 मतदाताओं ...और पढ़ें

अयोध्या में सुनील बंसल और विनोद तावड़े

अयोध्या में सुनील बंसल और विनोद तावड़े

HighLights

  1. भाजपा की शिक्षक एमएलसी चुनाव में माइक्रो मैनेजमेंट रणनीति।

  2. अयोध्या में हर 20 मतदाताओं पर एक कार्यकर्ता नियुक्त।

  3. सुनील बंसल, विनोद तावड़े ने तैयारियों की समीक्षा की।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने मतदाताओं तक सीधी पहुंच बनाने के लिए माइक्रो मैनेजमेंट का खाका तैयार किया है। पार्टी ने प्रत्येक 20 मतदाताओं पर एक पदाधिकारी या कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपी है।

चुनावी तैयारी के इस नेटवर्क की जानकारी शुक्रवार को महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने ली। दिल्ली रवाना होने से पहले दोनों नेताओं ने शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और चुनाव के क्षेत्रीय प्रभारी अवधेश पांडेय बादल ने संगठन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। विनोद तावड़े ने जिम्मेदारी संभाल रहे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि मतदाता संपर्क अभियान और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की जा सके।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा प्रत्येक चुनाव को गंभीरता से लेती है और योजनाबद्ध तरीके से संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करती है। उन्होंने चुनाव की तैयारियों और मतदाताओं से संपर्क की स्थिति की जानकारी ली। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बादल ने बताया कि पार्टी ने चुनाव के लिए मतदाताओं से संपर्क और संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय की रणनीति बनाई है।

प्रत्येक 20 मतदाताओं पर एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय करने के पीछे मतदाताओं तक सीधी पहुंच बनाने पर जोर है। इससे पहले राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं का भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया। चर्चा के बाद दोनों नेता दिल्ली रवाना हो गए। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, शैलेंद्र कोरी, रवि सिंह, अभिषेक मिश्र और संजीव सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।