विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस से सीट बंटवारे पर अखिलेश यादव बोले- वही सीटें मिलेंगी, जहां उसके जीतने की होगी संभावना

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:38 PM (IST)

Akhilesh Yadav: सपा मुखिया ने कहा कि पार्टी की ओर से जिन प्रत्याशियों का नाम घोषित किया गया है, वे लगातार जमीन पर अपना वोट बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव

HighLights

  1. सपा के प्रत्याशी घोषित करने पर कहा, जो मेहनत कर रहे उन्हें कांग्रेस से पूछकर तो नहीं देंगे टिकट

  2. समाजवादी पार्टी मुखिया का दावा 403 विधानसभा सीटों के लिए सपा के पास 806 प्रत्याशी

  3. पीडीए के लिहाज से जो बेहतर होगा, उसे उम्मीदवार बनाया जाएगा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में कांग्रेस से साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। अखिलेश यादव ने एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में अपनी पार्टी और उत्तर प्रदेश के चुनाव को लेकर बेबाकी से अपनी बात रखी।

अखिलेश यादव ने कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ मिलकर भाजपा का मुकाबला किया था और आगे भी मिलकर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि उसे वही सीटें मिलेंगी, जहां उसके जीतने की संभावना होगी। अखिलेश ने स्पष्ट किया कि गठबंधन उसी के साथ यानी कांग्रेस के साथ रहेगा, जिसने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने में साथ दिया था।

कांग्रेस से पूछकर तो नहीं देंगे टिकट

सपा मुखिया ने कहा कि पार्टी की ओर से जिन प्रत्याशियों का नाम घोषित किया गया है, वे लगातार जमीन पर अपना वोट बढ़ाने का काम कर रहे हैं। अब हम ऐसे लोगों का टिकट कांग्रेस के कहने या उनसे पूछकर तो नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के मेहनती लोगों ने वोट बढ़ाने की यह प्रक्रिया एक दिन में पूरी नहीं होगी। हम तो यह दावा कर रहे है कि पार्टी के जो लोग लगातार मेहनत कर रहे हैं, उन्हें ही टिकट दिया जाएगा। कांग्रेस के साथ बातचीत को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों दलों के बीच क्या चर्चा हो रही है, इसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से देना जरूरी नहीं है।

भाजपा पर हमला जारी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि अगर यूपी में बीजेपी जीत गई तो भविष्य में चुनाव में वोट डालने का मौका भी नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ही लोकतंत्र को बचाने का काम करेगा। ऐसे में समाजवादी पार्टी ही पीडीए के मजबूत प्रत्याशी को मैदान में उतारकर भाजपा को सत्ता में आने के रोकने का काम कर सकती है। अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। इसके बावजूद अपने वोट नहीं बढ़ा पा रही है, इसलिए उसके नेता घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर बीजेपी को हराने का काम करेंगे। अखिलेश ने आगे कहा कि सेक्युलर ताना-बाना समाजवादियों ने एक दिन में नहीं बनाया है, इसके लिए लंबे समय तक मेहनत की है और पार्टी अपनी इसी विचारधारा के साथ आगे बढ़ेगी।

सपा के पास 806 प्रत्याशी

कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सपा के पास 806 प्रत्याशी हैं और इनमें से पीडीए के लिहाज से जो बेहतर होगा, उसे उम्मीदवार बनाया जाएगा। असदुद्दीन ओवैसी को लेकर कहा कि देश और प्रदेश में बीजेपी का मुकाबला अगर किसी ने किया है तो वह समाजवादी पार्टी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की पहले जो रणनीति थी, वही आज भी है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस-सपा गठबंधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ का तंज, बोले- चुनाव से पहले ही फेल हुए दो लड़के

यह भी पढ़ें- लखनऊ में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले, सिर्फ राहुल गांधी ही भाजपा को हराने में सक्षम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।