लखनऊ में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले, सिर्फ राहुल गांधी ही भाजपा को हराने में सक्षम
Imran Masood on Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी को गठबंधन धर्म निभाना नहीं आता है। दो बैठकों के बाद भी यह अभी कुछ तय नहीं कर पा रहे हैं।

सहारनपुर से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद
HighLights
समाजवादी पार्टी के सिर्फ 26 सीट के ऑफर पर इमरान मसूद नाराज
इमरान मसूद सपा-कांग्रेस गठबंधन के बैठक के फैसले मीडिया के माध्यम से मिलने से आहत
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष मसूद बोले-सभी 403 सीटों पर लड़ ले समाजवादी पार्टी
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। सहारनपुर से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन से साथ उतर रही समाजवादी पार्टी की कार्यशैली से बेहद नाराज है।
बुधवार को लखनऊ पहुंचे मसूद ने साफ कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी का रवैया ठीक नहीं हैं। गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर हुई बैठक के फैसलों को मीडिया के माध्यम से हमको सूचित कर रही है, जो उचित नहीं है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को सिर्फ 26 सीट के ऑफर पर काफी नाराज हैं। मसूद ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी सभी 403 सीटों पर अकेले लड़ ले तो बेहतर है। हम भी पिछले चुनाव की तरह सभी सीटों पर अकेले लड़ लेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को गठबंधन धर्म निभाना नहीं आता है। दो बैठकों के बाद भी यह अभी कुछ तय नहीं कर पा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद लखनऊ में 26 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा की तैयारी परखने आए हैं। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ राहुल गांधी ही ऐसे नेता हैं, जो भाजपा को हराने की क्षमता रखते हैं। राहुल गांधी ही भाजपा को हराने वाले देश के सबसे बड़े नेता हैं।
राहुल गांधी की ही भारत जोड़ो यात्रा से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल बना था और पार्टी खड़ी हो सकी। राहुल गांधी की यात्रा से समाजवादी पार्टी ने 2024 में लोकसभा चुनाव में करिश्मा किया था। अब विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ सही व्यवहार नहीं कर रही है। उनकी कांग्रेस को 26 सीटों देने के फैसले से मैं कैसे संतुष्ट हो सकता हूं।