हमले में घायल प्रॉपर्टी डीलर ने तोड़ा दम, 80 सीसी कैमरे खंगालने के बाद मिला सुराग Lucknow News
लखनऊ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम। प्रॉपर्टी विवाद और रंजिश पर टिकी शक की सूई।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में दिनदहाड़े बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग से घायल प्रॉपर्टी डीलर ने मंगलवार तड़के ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। बीते दिन बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोलियों से रिटायर्ड सैन्यकर्मी व प्रॉपर्टी डीलर को छलनी कर दिया था। करीब 10 राउंड गोलियां चलाई, हमले में रिटायर्ड सैन्यकर्मी के दायें हाथ, दाहिनी तरफ सीने के नीचे और कमर पर गोलियां लगी थी। वहीं, घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में हमलावरों की झलक कैद हो गई। एसएसपी का दावा है कि करीब 70 से 80 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं, जिसके जरिए अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।
प्रापर्टी विवाद और रंजिश पर टिकी शक की सूई
उधर, अशोक के बेटे ने तहरीर में लिखा है कि उसके पिता जमीन की रजिस्ट्री करवाकर तहसील से निकले थे। इसी बीच बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए उन्हें रोक लिया था और गाड़ी से उतरकर गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस ने जमीन विक्रेता राम शरन सिंह से पूछताछ की है, जो घटना के समय अशोक के साथ थे। पुलिस का कहना है कि सर्विलांस की मदद से कई जानकारियां मिली हैं। प्रॉपर्टी विवाद और रंजिश की दिशा में छानबीन की जा रही है।
यह भी पढें: दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने बताई रंजिश
ये था मामला
मामला मोहनलालगंज के मेड़ई खेड़ा परवर का है। यहां अशोक एलडीए कॉलोनी में रहते हैं। अशोक ने बताया कि वह सोमवार को मोहनलालगंज तहसील में जमीन रजिस्ट्री कराने गए थे। दोपहर करीब एक बजकर 25 मिनट पर आदर्श शिक्षा निकेतन स्कूल के सामने स्कॉर्पियो गाड़ी रोकी थी। इसी बीच पीछे से तीन बाइक सवार बदमाश पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सबसे पहले बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने अशोक को गोली मारी। इसके बाद दूसरे बदमाश ने और फिर गाड़ी चला रहा नकाबपोश भी नीचे उतर गया और अशोक पर गोलियां दागी। हमले में अशोक के दायें हाथ, दाहिनी तरफ सीने के नीचे और कमर पर गोलियां लगी।
32 बोर के सात कारतूस बरामद
इस दौरान एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम ने भी छानबीन की। पड़ताल में मौके से 32 बोर के सात कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने अशोक के बेटे विशाल की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों पर एफआइआर दर्ज कराई।