Chehlum: इमामबाड़ा नाजिम साहब से निकलेगा चेहल्लुम का जुलूस Lucknow News
लखनऊ के इमामबाड़ा नाजिम साहब से निकलेगा चेहल्लुम का जुलूस। पुराने शहर में देर रात तक जारी रहा मजलिस-मातम का दौर।
लखनऊ, जेएनएन। कर्बला के 72 शहीदों का चेहल्लुम रविवार को मनाया जाएगा। विक्टोरिया स्ट्रीट स्थित इमामबाड़ा नाजिम साहब से चेहल्लुम का जुलूस निकलेगा। दोपहर एक बजे शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद मजलिस को खिताब करेंगे। इसके बाद शहर की करीब 200 अंजुमन सिलसिलेवार अपने-अपने अलम मुबारक के साथ नौहाख्वानी व सीनाजनी करेंगी। जुलूस अपने निर्धारित मार्ग विक्टोरिया स्ट्रीट, नक्खास तिराहा, टुडियागंज, हैदरगंज व बुलाकी अड्डा होता हुआ कर्बला तालकटोरा पहुंचकर संपन्न होगा।
चेहल्लुम के एक दिन पहले शनिवार को पुराने शहर में मजलिस-मातम का दौर देर रात तक जारी रहा। अंजुमन असगरे बेशीर की ओर से फिरोजी मस्जिद में मौलाना नदीम जैनपुरी ने मजलिस पढ़ी। मजलिस के बाद काफिला-ए-बनी असद का मंजर पेश किया गया। अजादारों ने अलम, झूला, ताबूत व जुलजनाह सहित अन्य शबीह-ए-मुबारक की जियारत कर आंसुओं का नजराना पेश किया। इसके बाद हजरत कासिम हाल में महिलाओं की मजलिस को जाकिरा फरीन फातिमा ने खिताब किया।
महिलाओं को शबीह-ए-मुबारक की जियारत कराई गई। उधर, इसी तरह मेहंदीगंज स्थित वक्फ कर्बला अजमतुद्दौला में आग पर मातम किया गया। मौलाना शफीक हुसैन शफक ने मजलिस पढ़ी। इसके बाद अजादारों ने नंगे पैर अंगारों पर चलकर आग का मातम किया। पूरी रात मातमी अंजुमन ने नौहाख्वानी व सीनाजनी की। इसी तरह नूरबाड़ी स्थित इमामबाड़ा सैयद दबीर आगा में मौलाना कल्बे जवाद ने मजलिस को खिताब किया। मुफ्तीगंज अब्बास नगर स्थित अजाखाना शकील रिजवी में मर्सिया ख्वानी की मजलिस हुई, जिसको इशरत लखनवी ने मर्सिया पेश किया। फिर मातमी अंजुमन ने नौहाख्वानी की।
यह भी पढ़ें: 20 को चेहल्लुम जुलूस के चलते लखनऊ में रूट डायवर्ट, इन रास्तों पर होगी दिक्कत
अरबईन वॉक : सफर-ए-इश्क
कर्बला के शहीदों के चेहल्लुम में लखनऊ अरबईन वॉक : सफर-ए-इश्क निकलेगी। 20 सफर को दुनिया भर से लोग चेहल्लुम करने इराक के शहर कर्बला पहुंचते हैं। यह सफर नजफ से शुरू होता है जो कर्बला पहुंचकर पूरा होता है। इस बीच अजादार 80 किमी पैदल चलकर अपनी मंजिल पर पहुंचते हैं। इसी तर्ज पर राजधानी में भी वॉक निकलेगी, जो दोपहर 12 बजे हजरतगंज स्थित इमामबाड़ा शाहनजफ से शुरू होगी, फिर अपने निर्धारित मार्ग होते हुए कर्बला तालकटोरा पहुंचकर संपन्न होगी। इसी तरह बीकेटी स्थित कर्बला-ए-अब्बासिया से एहसास-ए-अरबईन वॉक निकाली जाएगी, जो सुबह नौ बजे शुरू होगी। वॉक अपने निर्धारित मार्ग होती हुई कर्बला तालकटोरा पहुंचेगी।