विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज के भीमकुंडा मंदिर में बुजुर्ग पुजारी की पत्थर से सिर कूचकर हत्या, इलाके में सनसनी

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:00 AM (IST)

प्रयागराज के मनकामेश्वर भीमकुंडा मंदिर के 70 वर्षीय पुजारी महंत दयालदास की सोमवार रात ईंट-पत्थर से सिर कूचकर नृशंस हत्या कर दी गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. प्रयागराज के भीमकुंडा मंदिर में पुजारी की हत्या।

  2. ईंट-पत्थर से सिर कूचकर की गई नृशंस हत्या।

  3. जमीन विवाद और पुरानी रंजिश हत्या का कारण।

संवाद सूत्र, प्रयागराज। मनसैता गांव के किनारे स्थित मनकामेश्वर भीमकुंडा मंदिर के 70 वर्षीय पुजारी महंत दयालदास उर्फ जटाशंकर मिश्र की सोमवार रात नृशंस हत्या कर दी गई। ईंट-पत्थर से सिर कूचने के साथ ही सरिया से शरीर पर कई बार वार किया गया था। मंगलवार सुबह घटना का पता चलने पर ग्रामीणों में दहशत छा गई।

पुलिस अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की। ग्राम प्रधान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा कायम किया गया है। कत्ल किसने और क्यों किया, यह साफ नहीं हो सका है। हालांकि जमीन का विवाद भी बताया जा रहा है। घटना स्थल पर एक पत्थर मिला, जिसमें मोबाइल नंबर लिखा था। उस नंबर के जरिए पुलिस घटना से जुड़े सुराग तलाश रही है।

थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता गांव के किनारे मनकामेश्वर भीमकुंडा मंदिर है। यहां पर श्री108 महंत दयालदास पिछले 25 वर्षों से हरकर मंदिर में पूजा-पाठ और देखरेख कर रहे थे। वह अयोध्या स्थित अखिल भारतीय श्रीपंच निर्वाणी अखाड़ा, हनुमानगढ़ी से भी जुड़े थे। बताया गया है कि प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह भी कुछ शिवभक्त मंदिर पर साफ-सफाई और पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचे।

इस दौरान बरम मंदिर के बरामदे में साधु बाबा दयाल दास कंबल ओढ़कर सोते दिखाई दिए। तब ग्रामीणों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल। नजदीक से देखने पर ग्रामीण हतप्रभ रह गए। खून से लथपथ लाश पड़ी थी। इसका पता चलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। थोड़ी देर में डीसीपी, एसीपी, थानेदार भी फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन, साक्ष्य संकलन किए।

पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की लेकिन घटना के बारे में कोई कुछ नहीं बता सका। पुलिस का दावा है कि मंदिर और उसके परिसर में रखा सामान सुरक्षित है। पुजारी का मोबाइल भी शव के पास से ही मिला है। उसकी काल डिटेल निकलवाई जा रही है, ताकि कोई क्लू मिल सके। इसके साथ ही मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुजारी का बीपीएल कार्ड भी बना था।

जमीन का विवाद या चोरी का विरोध

पुजारी की हत्या जमीन के विवाद या फिर चोरी के विरोध पर हुई, इसको लेकर लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के पास पांच बीघा जमीन है, जिस पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। इसका विरोध पुजारी लगातार कर रहे थे।

उधर, बीते माह कुछ चोरों ने मंदिर का घंटा गायब कर दिया था। चोरों ने पुजारी के कमरे का ताला भी तोड़ा था। पुजारी ने पूछताछ करते हुए चोरी में शामिल लोगों का नाम पता लगाया तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी थी। तब पुजारी ने थरवई थाने में माधोपुर गांव के कामता और रामबहादुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के आठ मार्गाें पर 76 ब्लैक स्पॉट चिह्नित, सड़क हादसा रोकने के लिए लगेंगे संकेतक; खर्च होंगे 1.5 करोड़ रुपये

तेल डालकर जलाने, जान से मारने की दी थी धमकी

पुजारी को तेल डालकर जला देने और जान से मारने की धमकी भी गई थी। धमकी देने के आरोप में पुजारी ने कामता व रामबहादुर को नामजद किया था। हालांकि पुलिस ने उनके खिलाफ कुछ कार्रवाई नहीं की थी। ग्रामीणों का यह भी कहना है मंदिर में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी थीं। फिलहाल हत्याकांड से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में रोष भी व्याप्त है। उन्होंने पुलिस से हत्यारोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

मंदिर में बाबा की हत्या की गई है। आधार कार्ड में जटाशंकर मिश्रा नाम लिखा है, लेकिन गांव वाले उन्हें बाबा दयालदास के नाम से जानते थे। हत्या किसने और क्यों की, इसका पता लगाया जा रहा है।- सोनम कुमार, डीसीपी गंगानगर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।