'कागजी डिग्री नहीं, अब हुनर का जमाना... युवाओं के साथ हमेशा खड़ा हूं'; राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में कहा कि कागजी डिग्री से ज्यादा हुनरमंद युवाओं की कद्र होगी। उन्होंने युवाओं को बड़े सपने देखने और कौशल विकास पर जोर देने का आह्वान किया।

शनिवार को लखनऊ के राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान युवाओं को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। फोटो-स्क्रीन ग्रैब
HighLights
हुनरमंद युवाओं का भविष्य कागजी डिग्री वालों से बेहतर।
आइआइटी और आइटीआइ को प्रधानमंत्री ने बताया एक समान।
भारत 2027 में वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व में देशवासियों से पीएसयू में निवेश और सोने की कम खरीद वाले आह्वान और उससे हुए फायदे की याद दिलाते हुए शनिवार को कहा कि अब मैं एक और बात कहने जा रहा हूं, आने वाले समय में कोट, पैंट, टाई पहनकर कागजी डिग्री लेकर घूमने वालों से ज्यादा कद्र हुनरमंद युवाओं की होगी।
देश में एक दौर कागजी सर्टिफिकेट का भले रहा हो, लेकिन अब वक्त बदल रहा है। आइआइटी व आइटीआइ को एक समान बताते हुए कहा कि यही मेरे देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा, “आपके सामने इस समय पूरा आसमान है।
बड़े सपने देखिए, अपने कौशल का विकास करिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दीजिए। कभी यह महसूस मत कीजिए कि आप अकेले हैं। जब भी आपको लगेगा कि आप अकेले हैं, आप सोच लेना कि मैं आपके साथ खड़ा हूं।”
गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने युवाओं में नया जोश और आत्मविश्वास भरा। साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए अब और तब याद दिलाने की रणनीति को भी आगे बढ़ाया और बिना नाम लिए पूर्व की सरकारों के कार्यकाल पर भी निशाना साधा। प्रदेश की कानून व्यवस्था की तारीफ करते हुए मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र काशी की एक युवती द्वारा बताए हुए अनुभव को साझा करते हुए कहा कि वह फैक्ट्री से काम कर रात 11 बजे सुरक्षित घर पहुंचती है।
सूरज ढलने के बाद बेटी के सुरक्षित घर पहुंचने का महत्व उत्तर प्रदेश वाले अच्छी तरह जानते हैं। प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि वर्ष 2023 में संसद में उन्होंने सरकारी कंपनियों यानी पीएसयू में निवेश की बात कही थी, जिसका लोगों ने मजाक उड़ाया, लेकिन निवेश करने वाले मालामाल हो गए। इसके बाद एक वर्ष पहले देशवासियों से अनावश्यक सोना न खरीदने का आग्रह किया था।
देशवासियों ने उनकी बात मानी, सोना कम खरीदा और सोने के दाम टूट गए। आज लोग कहते हैं कि मोदी जी की बात मानकर उनके पैसे बच गए। उन्होंने कहा कि आक्रांताओं ने भारत की समृद्धि नष्ट करने के लिए कारीगरों के अंगूठे काटे और अंग्रेजों के दौर में मैकाले ने ऐसी शिक्षा व्यवस्था थोपी, जिसने कौशल को कुचलकर केवल कागजी क्लर्क बनाने की मानसिकता पैदा की।
उन्होंने समाज में व्याप्त उस मानसिकता को बदलने का आह्वान किया, जिसमें आइटीआइ में प्रवेश लेने वाले युवाओं को कमतर समझा जाता है। दादा धर्माधिकारी का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि व्यावहारिक कौशल ही जीवन को आगे बढ़ाता है। मोदी ने कहा कि अलग कौशल मंत्रालय और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति से कौशल विकास को सम्मान मिला है।
वर्ष 2014 के बाद करीब 5000 नई आइटीआइ बनीं, छात्रों की संख्या पांच लाख से अधिक बढ़ी और बेटियों की भागीदारी ढाई गुणा हुई है। आइटीआइ में एयरोनाटिकल स्ट्रक्चर, एआइ असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन, एनीमेशन व स्पेशल इफेक्ट्स और सेमीकंडक्टर जैसे 30 से अधिक न्यू एज ट्रेड्स पढ़ाए जा रहे हैं। भारत के व्यापार समझौतों व एफटीए से युवाओं के लिए वैश्विक अवसर खुल रहे हैं। आइटीआइ को आधुनिक करने के लिए पीएम सेतु योजना के तहत 60 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने रोजगार की संभावनाओं को समझाने के लिए पीएनजी कनेक्शन का उदाहरण दिया। पश्चिम एशिया में युद्ध और होर्मुज संकट के कारण गैस आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच सरकार ने शहरों में प्रतिदिन एक लाख पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया था।
समीक्षा बैठकों में पता चला कि प्लंबरों की कमी के कारण लक्ष्य हासिल नहीं हो रहा था। यह उदाहरण बताता है कि देश में कुशल कामगारों की कितनी बड़ी जरूरत है। सोलर पावर, स्पोर्ट्स इक्विपमेंट, फिटनेस और खेल उद्योग जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं।
दुनिया को चाहिए भारत के हुनरमंद युवा
प्रधानमंत्री ने दक्षिण कोरिया, दुबई, अबूधाबी, कतर और कुवैत के अपने दौरों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के शाही परिवार भारतीय कारीगरों के कौशल की सराहना करते हैं। आज अनेक देश भारत के साथ समझौतों में हर साल हजारों की संख्या में कुशल मानव संसाधन की मांग कर रहे हैं। दुनिया को आइटीआइ से प्रशिक्षित हुनरमंद युवा चाहिए। भारत को विश्व की स्किल कैपिटल बनाने में यही युवा केंद्र में रहेंगे।
कौशल है तो एआइ भी नहीं छीन पाएगा रोजगार
प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) से रोजगार छिनने की आशंकाओं के बीच युवाओं को समझना होगा कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता।
यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और संशोधन का मौका, रविवार को भी बूथों पर मौजूद रहेंगे BLO
कोविड काल में कुशल कामगारों की अहमियत पूरी दुनिया ने महसूस की। आज भारत मोबाइल फोन आयात करने वाले देश से आगे बढ़कर उनका निर्माण करने वाला देश बना है।
ग्रेटर नोएडा में होगी वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा, इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक और पंकज चौधरी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने यूपी को एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, बड़े विश्वविद्यालयों, पर्यटन, मोबाइल और सेमीकंडक्टर चिप निर्माण का केंद्र बनाया है। आपरेशन सिंदूर में दुश्मन की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल भी अब उत्तर प्रदेश में बन रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।