पीलीभीत में वोटर लिस्ट गड़बड़ी मामले में दो PCS अधिकारियों पर गिरी गाज, किए गए सस्पेंड
पीलीभीत में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मामले में प्रदेश सरकार ने दो पीसीएस अधिकारियों हेमंत कुमार चौधरी और मयंक गोस्वामी को निलंबित कर दिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पीलीभीत मतदाता सूची गड़बड़ी मामले में दो पीसीएस अधिकारी निलंबित।
हेमंत चौधरी और मयंक गोस्वामी पर हुई निलंबन की कार्रवाई।
चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने लिया एक्शन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पीलीभीत की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मामले में प्रदेश सरकार ने दो पीसीएस अधिकारियों हेमंत कुमार चौधरी और मयंक गोस्वामी को निलंबित कर दिया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर नियुक्ति विभाग ने दोनों अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना आयोग को भी दे दी है। दोनों अधिकारियों को निलंबन अवधि में राजस्व परिषद से संबद्ध किया गया है।
पीलीभीत में मतदाता सूची में अनियमितता के मामले को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने दोनों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया था। दोनों अधिकारियों पर लगे आरोपों की जांच मुरादाबाद के मंडलायुक्त को सौंपी गई है।
हेमंत कुमार चौधरी और मयंक गोस्वामी पीलीभीत में उप जिलाधिकारी के पद पर तैनात रहने के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के आरोपों के घेरे में आए थे। शिकायतों के बाद दोनों को उनके पदों से हटाकर अन्य जिम्मेदारियां दी गई थीं।
बाद में यह मामला इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में आने के बाद दोनों अधिकारियों को प्रतीक्षारत कर दिया गया था। अब दोनों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने भी निलंबन की पुष्टि की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।