विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी: मकर संक्रांति समेत तीन नए सार्वजनिक अवकाश जुड़े, ये रही पूरी लिस्ट

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:04 PM (IST)Updated: Tue, 17 Nov 2026 10:11 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी कर्मचारियों हेतु सार्वजनिक और निर्बन्धित अवकाशों का कैलेंडर जारी किया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. यूपी सरकार ने 2027 के अवकाशों का कैलेंडर जारी किया।

  2. मकर संक्रांति, वाल्मीकि, रविदास जयंती सार्वजनिक अवकाश घोषित।

  3. कुल 27 सार्वजनिक अवकाश, 27 निर्बन्धित अवकाश भी शामिल।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। तीन नये सार्वजनिक अवकाशों के साथ प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 में सरकारी कार्मिकों के लिए सार्वजनिक अवकाश तथा निर्बन्धित अवकाश का कैलेंडर जारी किया है। वर्ष 2026 के कैलेंडर की सूची में निर्बन्धित अवकाशों की सूची में शामिल रहे मकर संक्रांति, महर्षि वाल्मीकि जयंती और संत रविदास जयंती को सार्वजनिक अवकाशों की सूची में शामिल किया गया है।

महर्षि वाल्मीकि जयंती को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंटल एक्ट 1881 के अधीन नहीं रखा गया है, इस दिन बैंक व वित्तीय संस्थाएंं खुलेंगी। छह सार्वजनिक अवकाश शनिवार को और चार अवकाश रविवार को पड़ेंगे। पांच दिवसीय सप्ताह वाले कार्मिकों को शनिवार को पड़ रहे छह सार्वजनिक अवकाशों के लाभ से वंचित होना पड़ेगा। इसका लाभ छह दिवसीय सप्ताह वाले कार्मिकों को मिलेगा।

अगले वर्ष 2027 में 27 सार्वजनिक अवकाश घोषित किए गए हैं। जिसमें से महर्षि वाल्मीकि जयंती को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंटल एक्ट के अधीन नहीं रखा गया है। 14 जनवरी को मकर संक्रांति, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस, 20 फरवरी संत रविदास जयंती, छह मार्च महाशिवरात्रि, 10 मार्च ईद उल फितर, 22 मार्च होलिका दहन, 23 मार्च होली, 26 मार्च गुड फ्राइडे, 14 अप्रैल डा. भीमराव अंबेडकर का जन्म दिवस, 15 अप्रैल रामनवमी, 19 अप्रैल महावीर जयंती, 17 मई ईदुज्जुहा (बकरीद), 20 मई बुद्ध पूर्णिमा तथा 16 जून को मोहर्रम का सार्वजजिक अवकाश रहेगा।

इसके अलावा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस व बरावफात, 17 अगस्त रक्षाबंधन, 24 अगस्त जन्माष्टमी, दो अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती, आठ अक्टूबर दशहरा महानवमी, नौ अक्टूबर विजयदशमी, 29 अक्टूबर दीपावली, 30 अक्टूबर गोवर्द्धन पूजा, 31 अक्टूबर भैयादूज व चित्रगुप्त जयंती, 14 नवंबर गुरुनानक जयंती व कार्तिक पूर्णिमा, 12 दिसंबर हजरत अली का जन्मदिवस तथा 25 दिसंबर क्रिसमस डे का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। वहीं 15 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती भी इस बार सार्वजनिक अवकाश में शामिल किया गया है, लेकिन यह निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंटल एक्ट के अधीन नहीं है।

निर्बन्धित अवकाशों की संख्या भी 27

निर्बन्धित अवकाशों की सूची में एक जनवरी नव वर्ष दिवस, 24 जनवरी शबे बारात व जननायक कर्पूरी ठाकुर जन्म दिवस, 11 फरवरी बसंत पंचमी, पांच मार्च जमात-उल-विदा (अलविदा) रमजान का अंतिम शुक्रवार, 11 मार्च ईद-उल-फितर, 24 मार्च होली, 27 मार्च ईस्टर सैटरडे, 29 मार्च ईस्टर मंडे, पांच अप्रैल महर्षि कश्यप व महाराजा निषाद राज गुह्य जयंती, सात अप्रैल चेटी चंद, 17 अप्रैल चन्द्रशेखर जयंती, आठ मई परशुराम जयंती, नौ मई लोक नायक महाराणा प्रताप जयंती, 18 मई ईदुज्जुहा (बकरीद), 15 जून मोहर्रम, 25 जुलाई चेहल्लुम, 14 सितंबर अनंत चतुर्दशी, 17 सितंबर विश्वकर्मा पूजा, 30 सितंबर महाराजा अग्रसेन जयंती, सात अक्टूबर दशहरा (महाष्टमी), 28 अक्टूबर नरक चतुर्दशी, 31 अक्टूबर सरदार बल्लभ भाई पटेल व आचार्य नरेन्द्र देव जयंती, चार नवंबर छठ पूजा पर्व, 16 नवंबर वीरांगना ऊदा देवी शहीद दिवस, पांच दिसंबर हजरत ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती अजमेरी गरीब नवाज का ऊर्स, 23 दिसंबर चौधरी चरण सिंह का जन्म दिवस तथा 24 दिसंबर क्रिसमस ईव शामिल है। वर्ष 2026 में निर्बन्धित अवकाश 32 थे, सरकार ने बाद में महर्षि वाल्मीकि जयंती और महानवमी के दिन निर्बन्धित अवकाश घोषित किया था।

बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी एक अप्रैल को

वाणिज्यिक बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी एक अप्रैल दिन बुधवार को है। कार्यकारी आदेशों के तहत अवकाशों में 15 जनवरी शुक्रवार को गुरु गोविंद सिंह जयंती तथा 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस पर अवकाश घोषित किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।