विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के पीलीभीत मतदाता सूची में गड़बड़ी पर एक्शन, वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटरों के कंप्यूटर सहायकों की लॉगिन ID निरस्त

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Sun, 01 Nov 2026 05:31 AM (IST)Updated: Sun, 01 Nov 2026 05:40 AM (IST)

पीलीभीत की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कड़ा संज्ञान लिया है। ईआरओ ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. पीलीभीत मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का संज्ञान।

  2. कंप्यूटर सहायकों की लॉगिन आईडी तत्काल निष्क्रिय करने का निर्देश।

  3. दो एसडीएम को स्थानांतरित कर प्रतीक्षारत किया गया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा क्षेत्र 127-पीलीभीत की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर की गई गड़बड़ी का संज्ञान लेते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने निर्वाचन आयोग के डिजिटल प्लेटफार्म ईसीआइएनईटी पोर्टल पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय के सभी कंप्यूटर सहायकों की लागिन आइडी को तत्काल निष्क्रिय करने का निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिया है।

लागिन आइडी निष्क्रिय कर दिए जाने की पुष्टि सभी ईआरओ करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रिणवा ने पीलीभीत में कंप्यूटर सहायक (मतदाता पंजीकरण केंद्र के आपरेटर) को दी गई लागिन आइडी का दुरुपयोग किए जाने की शिकायतें और इससे संबंधित अन्य सूचनाओं को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में की गई कार्यवाही का सत्यापन करते हुए इसकी रिपोर्ट तत्काल मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजेंगे। वहीं पीलीभीत के मामले में संलिप्त आउटसोर्स से तैनात कंप्यूटर सहायक की सेवा तत्काल समाप्त करने का निर्देश संबंधित फर्म को दिया गया है।

मामले में बढ़ाया जा रहा कार्रवाई का दायरा

उल्लेखनीय है कि पीलीभीत की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई। जांच में 13,779 फार्मों में त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियां सामने आई हैं। इनमें से 10,470 फार्मों में मतदाताओं या उनके पिता के नाम बदल दिए गए थे। पीलीभीत की मतदाता सूची में गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई का दायरा बढ़ता जा रहा है। इस मामले में शुक्रवार को स्थानांतरित किए गए दोनों उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को सरकार ने शनिवार सुबह ही प्रतीक्षारत कर दिया।

दोनों अधिकारी मतदाता सूची में एक मतदाता के इपिक नंबर पर दूसरे व्यक्ति का विवरण प्रदर्शित होने के मामले में आरोपों के घेरे में हैं। नियुक्ति विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार, एसडीएम हेमंत कुमार चौधरी को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी और एसडीएम गोस्वामी मयंक को चकबंदी मुख्यालय लखनऊ में बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) बनाया गया था।

यह भी पढ़ें- चार्जशीट के बाद निजी मुचलके पर रिहाई आरोपित का अधिकार नहीं, ट्रायल कोर्ट के विवेक पर निर्भर: इलाहाबाद हाई कोर्ट

पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में 10,470 मतदाताओं के नाम या उनके पिता के नाम में बदलाव की शिकायत सामने आई थी। इस मामले में प्रारंभिक जांच के बाद दोनों अधिकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार को तबादले के बाद इन्हें दी गई नई तैनाती के अगले ही दिन शनिवार को प्रतीक्षारत किए जाने को प्रशासनिक कार्रवाई के अगले कदम के रूप में देखा जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।