'सपा और कांग्रेस शुरू से ही महिला आरक्षण के विरोधी रहे हैं'; पंकज चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सात दशकों के संघर्ष के बाद महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार मिलने जा रहा है, जिसका कांग्रेस और सपा जैसे विपक्षी दल शुरू से ही विरोध करते रहे हैं।

पंकज चौधरी (फाइल फोटो)
HighLights
सात दशकों बाद महिलाओं को मिलेगा नीति निर्धारण में वास्तविक अधिकार।
कांग्रेस और सपा महिला आरक्षण के शुरू से विरोधी रहे हैं।
परिसीमन बिल से 33% महिला आरक्षण प्रभावी ढंग से लागू होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सात दशकों के संघर्ष के बाद नीति निर्धारण में महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार मिलने जा रहा है।
कांग्रेस, सपा और विपक्ष के अन्य दलों ने जो सोचा तक नहीं था वह होने जा रहा है, विपक्ष को भी इस कार्य में साथ आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा सहित आईएनडीआईए अलायंस के अन्य दल शुरू से ही महिला आरक्षण के विरोधी रहे हैं, यही वजह है कि वे अब परिसीमन बिल का विरोध कर रहे हैं।
चौधरी ने कहा कि परिसीमन लागू होने के बाद महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी ढंग से समायोजित करना आसान होगा। इससे आधी आबादी को राजनीति और नीति निर्धारण में वास्तविक अधिकार मिलेगा।
सीटों की संख्या और आबादी का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका में एक लोकसभा सीट की अधिकतम जनसंख्या आठ लाख, ब्राजील में लगभग 1.6 लाख और जर्मनी में करीब 1.33 लाख है।
भारत में एक लोकसभा सीट पर औसतन 27 लाख की आबादी आती है। सीटों की संख्या 850 होने के बाद भी यह आंकड़ा लगभग 17 लाख रहेगा, जो अन्य देशों की तुलना में अधिक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन राष्ट्रहित और समाज के अच्छे कार्यों का समर्थन भी होना चाहिए। संवाद और बातचीत जारी रहनी चाहिए।