UP चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव, गाजियाबाद सदर से वैश्य तो लोनी से गुर्जर चेहरे को बनाया प्रभारी
समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए गाजियाबाद में बिसात बिछानी शुरू कर दी है। अभिषेक गर्ग को सदर और अनिल कसाना को लोनी का प्रभारी बनाकर सपा वैश्य व गुर्जर वोटों को साधने की कोशिश कर रही है।

गाजियाबाद की सदर सीट से अभिषेक गर्ग और लोनी से अनिल कसाना बने सपा प्रभारी। फोटो-जागरण
HighLights
सपा ने अभिषेक गर्ग को गाजियाबाद सदर प्रभारी बनाया।
अनिल कसाना लोनी प्रभारी, गुर्जर वोटों पर नजर।
भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने की सपा की रणनीति।
हसीन शाह, गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने जमीनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है।
रविवार को सपा आलाकमान ने गाजियाबाद की दो सबसे अहम सीटों पर बड़े संगठनात्मक बदलाव करते हुए अभिषेक गर्ग को शहर (सदर) विधानसभा प्रभारी और हाल ही में भाजपा छोड़कर आए पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना को लोनी विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया है।
जातीय समीकरण के आधार पर टिकट
दोनों को जातीय समीकरण के आधार पर टिकट मिलना तय माना जा रहा है। सपा के इस सोशल इंजीनियरिंग वाले दांव ने जिले की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सामने अपने किले को बचाने की चुनौती खड़ी कर दी है।
गाजियाबाद सदर सीट को भाजपा का सबसे सुरक्षित गढ़ माना जाता है। यहां ब्राह्मण लगभग 65-73 हजार और वैश्य लगभग 40-70 हजार मतदाताओं का दबदबा रहा है।
भाजपा के सबसे मजबूत स्तंभ में सेंध लगाने की कोशिश
2024 के उपचुनाव में भी भाजपा ने ब्राह्मण चेहरे संजीव शर्मा को उतारकर बड़ी जीत हासिल की थी। सपा ने अभिषेक गर्ग को प्रभारी बनाकर सीधे तौर पर भाजपा के सबसे मजबूत स्तंभ यानी वैश्य समाज में सेंध लगाने की कोशिश की है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि सपा अभिषेक गर्ग को टिकट देती है, तो वह वैश्य वोटों के साथ-साथ सपा के पारंपरिक मुस्लिम मतदाताओं को जोड़कर मुकाबले को बेहद रोचक बना सकते हैं। सदर सीट पर मुस्लिम मतदाता 60 हजार होने के अनुमान माना जाता है।
हालांकि, भाजपा के मजबूत शहरी संगठन और प्रवासी मतदाताओं यानी पूर्वांचली व उत्तराखंडी के झुकाव को तोड़ना सपा के लिए आसान नहीं होगा।
क्या है लोनी सीट का सियासी समीकरण?
लोनी सीट का सियासी समीकरण सदर से बिल्कुल अलग है। यहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या सर्वाधिक यानी लगभग 1.40 से 1.60 लाख मानी जाती है। जबकि इसके बाद गुर्जर यानी 75 से 90 हजार मानी जाती है। जबकि दलित मतदाता भी निर्णायक भूमिका में हैं। लोनी में पिछले दो चुनावों 2017 और 2022 से भाजपा के नंदकिशोर गुर्जर जीत दर्ज करते आ रहे हैं।
अनिल कसाना का एक दशक तक भाजपा में रहने के बाद सपा में शामिल होना और तुरंत लोनी का प्रभारी बनना भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
गुर्जर वोटों का हो सकता है बंटवारा
ग्रामीण बेल्ट और पंचायत राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले अनिल कसाना के मैदान में आने से गुर्जर वोटों का बंटवारा तय माना जा रहा है। 2022 के चुनाव में भी रालोद-सपा गठबंधन के मदन भैया ने नंदकिशोर गुर्जर को कड़ी टक्कर दी थी और हार का अंतर महज 8,676 वोटों का रह गया था।
ऐसे में यदि मुस्लिम वोट एकमुश्त सपा के साथ रहता है और अनिल कसाना गुर्जर व ग्रामीण वोटों में हिस्सेदारी करने में सफल रहते हैं तो भाजपा के लिए जीत की हैट्रिक लगाना बड़ी परीक्षा साबित होगा।
भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी कतार
फिलहाल सदर और लोनी सीट पर भाजपा का कब्जा है, लेकिन पार्टी के भीतर टिकट के दावेदारों की लंबी कतार है। लोनी में वर्तमान विधायक के सामने पार्टी के भीतर से ही कई दावेदार ताल ठोक रहे हैं, वहीं सदर सीट पर भी कई वरिष्ठ नेता टिकट की दौड़ में हैं। सपा ने समय से पहले प्रभारी घोषित कर अपने संभावित चेहरों को जमीन तैयार करने का पूरा मौका दे दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।