गाजियाबाद की 8 प्रमुख सड़कों पर दौड़ेगी ई-ट्राम, मेट्रो से जुड़ेगा 24 किमी लंबा नेटवर्क; जानें पूरा रूट
गाजियाबाद में सड़कों पर बढ़ते जाम से निपटने के लिए ई-ट्राम चलाने की तैयारी है। यह बैटरी से चलने वाली आधुनिक सेवा बिना पटरी और तारों के निर्धारित लेन में दौड़ेगी।
-1795961775555_m.webp)
गाजियाबाद के सड़कों पर दौड़ेगी ई-ट्राम। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
बैटरी से चलने वाली ई-ट्राम बिना पटरी, तारों के दौड़ेगी।
शहर की आठ प्रमुख सड़कों पर 24.06 किमी चलेगी ट्राम।
जीडीए बोर्ड बैठक में 16 दिसंबर को परियोजना प्रस्ताव रखा जाएगा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शहर की सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव और जाम से निपटने के लिए अब मेट्रो के विकल्प के रूप में ई-ट्राम दौड़ाने की तैयारी है।
इसके लिए जमीन अधिग्रहण, सड़क पर लोहे की पटरियां और बिजली के तारों का जाल की जरूरत नहीं होगी। पूरी तरह बैटरी से चलने वाली यह आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सेवा सड़क पर निर्धारित लेन में दौड़ेगी।
इन आठ प्रमुख मार्गों पर चलाने का प्रस्ताव
इसके लिए स्विट्जरलैंड की कंपनी एचईएसएस एजी और भारतीय संस्था आईआईडीआरआई की ओर से जीडीए को प्रस्ताव दिया गया है, जिसे आगामी 16 दिसंबर को होने वाली जीडीए की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
कंपनी की ओर से दिए गए प्रस्ताव में शहर की आठ प्रमुख सड़कों पर कुल 24.06 किलोमीटर के दायरे में चार अलग-अलग रूट पर ई-ट्राम चलाई जाएंगी।
इनमें आउटर रिंग रोड, एनएच-9, बी-टू, हम-तुम रोड, एनपीआर, ए-7, बांधा और स्टेडियम रोड शामिल हैं। परियोजना की अनुमानित लागत 920 करोड़ रुपये यानी करीब 38 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर बताई गई है।
सड़क पर बनेगी अलग लेन
इस परियोजना की बड़ी खासियत इसका संचालन माडल होगी। सड़कों के किनारे बनी 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड अथवा सड़क के एक हिस्से को डेडिकेटेड लेन के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे ई-ट्राम सामान्य यातायात से अलग अपनी गति से चल सकेगी। चौराहों पर भी इसे सिग्नल में प्राथमिकता देने का प्रस्ताव है।
चुनिंदा स्टेशनों पर महज 20 सेकंड में फ्लैश चार्जिंग होगी। अंतिम स्टेशन पर छह मिनट रुकने के दौरान बैटरी पूरी तरह चार्ज हो सकेगी। टर्मिनल पर दो से तीन एकड़ जमीन की जरूरत होगी, जहां 20 वर्ष से अधिक आयु वाली बैटरियों का उपयोग किया जाएगा।
हर तीन से पांच मिनट में सेवा
प्रस्तावित ई-ट्राम की लंबाई 24.7 मीटर होगी। एक ट्राम में करीब 240 लोग आराम से सफर कर सकेंगे। शुरुआती व्यवस्था में 22 ट्राम (20 परिचालन और दो रिजर्व) रखी जाएंगी। मांग बढ़ने पर हर 10 से 12 मिनट के बजाय तीन से पांच मिनट के अंतराल पर ट्राम चलाने की क्षमता विकसित की जा सकेगी।
अधिकतम गति 90 किमी प्रति घंटा और औसत गति 22 किमी प्रति घंटा प्रस्तावित है। सेवा सुबह सात से रात 10 बजे तक उपलब्ध कराने की योजना है।
मेट्रो, नमो भारत और बस सेवा से जुड़ेगा नेटवर्क
ई-ट्राम का नेटवर्क नमो भारत, मेट्रो और बस अड्डों से जोड़ने की योजना है। इससे शहर के आंतरिक इलाकों में आवागमन आसान होने के साथ निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। वातानुकूलित और समतल फर्श वाली ट्राम में बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों के लिए चढ़ना-उतरना भी आसान होगा।
16 दिसंबर को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। बोर्ड से मंजूरी के बाद आगे की प्रक्रिया आरंभ होगी। पहले चरण में 16.06 किमी 18 माह में और पूरे नेटवर्क को 24 माह में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी माडल (एचएएम) पर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसमें स्विट्जरलैंड की कंपनी और उसके सहयोगी निवेश करेंगे।
- नन्द किशोर कलाल, उपाध्यक्ष जीडीए
यह भी पढ़ें- Exclusive: अब हर बच्चा बनेगा 'लॉयर', गाजियाबाद के 655 सरकरी और निजी स्कूलों में एक्सपर्ट्स पढ़ाएंगे कानून का पाठ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।