Exclusive: अब हर बच्चा बनेगा 'लॉयर', गाजियाबाद के 655 सरकरी और निजी स्कूलों में एक्सपर्ट्स पढ़ाएंगे कानून का पाठ
गाजियाबाद में अब बच्चों को कानूनी सलाह के लिए कचहरी नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि 655 सरकारी और निजी स्कूलों में लीगल लिटरेसी क्लब स्थापित किए जा रहे हैं। इन क्लबों में बच्चों को सरल भाषा में कानून की जानकारी दी जाएगी।
-1795951365047_m.webp)
नेहा बनौधिया, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण। (तस्वीर को AI से जनरेट कराया गया है।)
HighLights
गाजियाबाद के 655 स्कूलों में लीगल लिटरेसी क्लब स्थापित होंगे।
बच्चों को सरल भाषा में कानून की जानकारी दी जाएगी।
क्लब में संविधान, बाल अधिकारों पर विशेष कक्षाएं चलेंगी।
हसीन शाह, गाजियाबाद। छोटे-छोटी कानूनी सलाह के लिए लोगों को अब कचहरी के चक्कर काटने नहीं पड़ेंगे। वकील को मोटी फीस नहीं देनी होगी। लोग अब अपने बच्चों से ही सामान्य कानून की सलाह ले सकेंगे।
पहली बार गाजियाबाद जिले के 655 सरकारी और निजी स्कूलों में लीगल लिटरेसी क्लब स्थापित किए जाएंगे। क्लब में उन्हें कानून की जानकारी सरल भाषा में भी दी जाएगी। इससे बच्चे खुद भी बचपन से ही जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। क्लब में रोजाना 15 मिनट की विशेष कक्षा चलेगी। वहीं, सुबह की प्रार्थना सभा में भी 2 मिनट कानून से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर शुरू होने वाली इस व्यवस्था में प्रत्येक स्कूल में एक शिक्षक को क्लब का नोडल बनाया जाएगा। संबंधित शिक्षक को प्राधिकरण की ओर से प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वह विद्यार्थियों को सरल भाषा में कानून की जानकारी दे सकें।
कानूनी विषयों को समझ सकेंगे
इसके अलावा विद्यार्थियों को भी क्लब का सदस्य बनाया जाएगा। क्लब के संचालन के लिए स्कूल में अलग कमरा निर्धारित किया जाएगा, जहां बच्चे बैठकर कानूनी विषयों को समझ सकेंगे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कर सकेंगे। क्लब की कक्षाओं में बच्चों को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार और मौलिक कर्तव्यों के बारे में बताया जाएगा।
इसके साथ ही बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध जैसे विषय भी पाठ्यक्रम का हिस्सा होंगे। बच्चों को यह समझाया जाएगा कि उनके साथ किसी तरह का अन्याय होने पर वे कहां शिकायत कर सकते हैं और उन्हें कानूनी सहायता कैसे मिल सकती है।
कठिन नहीं, सरल भाषा में सिखाया जाएगा कानून
कानून को कठिन विषय बनाने के बजाय रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़कर सरल शब्दों में समझाया जाएगा। बच्चों को केवल व्याख्यान देकर कानून नहीं पढ़ाया जाएगा, बल्कि उन्हें गतिविधियों के माध्यम से भी इसकी जानकारी दी जाएगी। इसके लिए चित्रकला प्रतियोगिता, नाटक, वाद-विवाद और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कोर्ट और जेल की भी कराई जाएगी विजिट
कानून की पढ़ाई को व्यवहारिक रूप देने के लिए विद्यार्थियों को न्यायालय, जेल और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का भ्रमण भी कराया जाएगा। इससे बच्चे न्यायिक प्रक्रिया को करीब से समझ सकेंगे।
उन्हें बताया जाएगा कि अदालत में मुकदमे की सुनवाई कैसे होती है, न्याय मिलने की प्रक्रिया क्या है और जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता कैसे उपलब्ध कराई जाती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के न्यायिक अधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता और पैरालीगल वालंटियर भी समय-समय पर स्कूलों में जाकर बच्चों को जागरूक करेंगे।
जिले के 655 सरकारी और निजी स्कूलों में लीगल लिटरेसी क्लब स्थापित किए जाएंगे। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी का भी सहयोग रहेगा। समय पर स्कूलाें में विजिट भी किया जाएगा। क्लब में रोजाना 15 मिनट की कानून की विशेष कक्षा चलेगी। - नेहा बनौधिया, डीएलएसए की सचिव एवं न्यायाधीश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।