'शहजादे के सामने नवाब को तलवार करनी पड़ी सरेंडर', सीट शेयरिंग की मीटिंग टलने पर ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच यूपी चुनाव के लिए सीट बंटवारे की बैठक टल गई है। इस पर ओपी ...और पढ़ें

सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर और सपा प्रमुख अखिलेश यादव। (तस्वीर- जागरण आर्काइव)
HighLights
सपा-कांग्रेस यूपी चुनाव सीट बंटवारे की बैठक टली।
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखे तंज कसे।
राजभर ने 'शहजादे' के सामने 'नवाब' की बात कही।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली/लखनऊ। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के यूपी चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर होने वाली मीटिंग टल गई है। इस पर ओपी राजभर ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि आखिर दिल्ली वाले 'शहजादे' के सामने लखनऊ वाले 'नवाब' साहब को तलवार सरेंडर करना ही पड़ गया।
ओपी राजभर ने लिखा, आज एक कहावत याद आ गई। 'भई गति सांप छछुंदर जैसी’।
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। कांग्रेस ने 181 सीटों की डिमांड रखी है। इस बीच मंगलवार को दोनों दलों के बीच मीटिंग होनी थी, जिसे फिलहाल के लिए टाल दिया गया है।
बता दें कि मीटिंग में होने वाली देरी की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। इसी बीच सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'आपकी स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि अपने पिता पद्मभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव पर लिखी किताब के प्रमोशन में जाने के लिए आपके पास वक्त नहीं होता, मगर दिल्ली वाले 'युवराज' के एक बुलावे पर हाजिरी लगाने दौड़कर पहुंच जाते हैं।'
मित्र अखिलेश यादव जी आज एक कहावत याद आ गई। 'भई गति सांप छछुंदर जैसी’। जानते हैं क्यों? क्योंकि दिल्ली वाले 'शहजादे' के सामने लखनऊ वाले 'नवाब' साहब को तलवार सरेंडर करना ही पड़ गया। आपकी स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि अपने पिता पद्मभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव पर लिखी किताब के प्रमोशन में जाने के लिए आपके पास वक्त नहीं होता, मगर दिल्ली वाले 'युवराज' के एक बुलावे पर हाजिरी लगाने दौड़कर पहुंच जाते हैं। अब थोड़ा विचार कीजिए कि अपनी पार्टी को आप किस हाल में पहुंचा दिये हैं। जिस पार्टी को आपके पिता और चाचा ने खून पसीने से सींचा उसकी कैसी दुर्गति करा दी है आपने? 2022 में आप यूपी की साढ़े तीन सौ सीट पर चुनाव लड़कर 111 सीट जीते थे और कांग्रेस 399 सीट पर लड़कर मात्र दो सीट। फिर भी वो आपके बड़े भाई! आपके बड़े भाई के शागिर्द एकतरफ़ा घोषणा कर रहे हैं कि 17 नवंबर को सीट शेयरिंग पर बैठक होगी और ना आपको पता है, ना आपके नेताओं को। बताइए क्या ऐसे होता है गठबंधन? आप देख लीजिए मात्र पांच साल में कांग्रेस ने कैसे आपके नीचे से जमीन सरका के आज आपसे करीब-करीब बराबरी की सौदेबाजी कर रही है। इधर मूंछ और दाढ़ीवाला भी मिल गये हैं आपके रात की नींद उड़ाने के लिए। पूरे पांच साल आप ट्विटर, एसी, पीसी और फॉरेन टूर में गुजार दिये, अब जाकर आपको भी समझ में आ गया है कि इस बार एम और वाई दोनों मिलकर आपके नीचे से पीढ़ा खींचने के लिए तैयार बैठे हैं। आपके पिता जी ने एक बार आपसे कहा था कि 'कांग्रेस को कभी अपना घर मत दिखाना’। मगर आप ठहरे अस्ट्रेलिया रिर्टन, धरती पुरुष की बात ओल्ड फैशन लगी होगी! 2017 में भी जब दिल्ली वाले शहजादे साहब से आपने दोस्ती की थी, उस वक्त भी उन्होंने आपको बहुत समझाया था मगर आप भला कब अपने बड़ों की बात माने हैं? हमको तो डर लगता है कि कहीं चच्चा भी जोश में आकर 'आत्मकथा' न लिख दें। अगर लिख दिये तो आप तो गये समझो... एक्के दिन में आप औरंगजेब साबित हो जाएंगे। कैसे आपने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी से पार्टी हथिया के चच्चू समेत सभी दिग्गजों को साइड लाइन किया और लोफर लोडरों की उजड्डई पर वाह-वाह करते हुए समाजवादी पार्टी को धीरे से ले जाकर कांग्रेस के हाथ बेच दिया। लोफरों का लीडर बनके लहालोट मत होइए, आत्ममंथन कीजिए। बस आपको ये मेरा सुझाव है क्योंकि हम चाहते हैं कि चुनाव में कुछ मज़ा आए। आप इस तरह काम करते रहे तो हम एकतरफा जीत जायेंगे और मज़ा नहीं आयेगा। ठीक से लड़िए महाराज। कांग्रेसियों के चक्कर में क्यों 111 से वापस 47 पर जाना चाहते हैं? जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय परशुराम, जय महाराजा सुहेलदेव, जय बाबा साहब! @yadavakhilesh
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 17, 2026
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव: संजय निषाद के बाद ओपी राजभर फिर अनुप्रिया से मिलेंगे अमित शाह, परखेंगे सहयोगी दलों की तैयारियां