विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी चुनाव: संजय निषाद के बाद ओपी राजभर फिर अनुप्रिया से मिलेंगे अमित शाह, परखेंगे सहयोगी दलों की तैयारियां

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:56 PM (IST)

गृहमंत्री अमित शाह 2027 के यूपी चुनावों के लिए भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ सहयोगी ...और पढ़ें

संजय निषाद के बाद ओम प्रकाश राजभर फिर अनुप्रिया से मिलेंगे अमित शाह।

संजय निषाद के बाद ओम प्रकाश राजभर फिर अनुप्रिया से मिलेंगे अमित शाह।

HighLights

  1. अमित शाह 2027 यूपी चुनाव हेतु सहयोगी दलों से मिल रहे हैं।

  2. संजय निषाद ने निषाद बहुल सीटों पर दावेदारी रखी, चर्चा हुई।

  3. ओम प्रकाश राजभर, अनुप्रिया पटेल से भी शाह की मुलाकात होगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। वर्ष 2027 में प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ गृहमंत्री अमित शाह जहां पार्टी संगठन को चुनाव के लिए तैयार करने में जुटे हैं, वहीं उनकी नजर सहयोगी दलों पर भी है।

निषाद पार्टी के मुखिया और मंत्री संजय निषाद से मुलाकात के बाद अब वह सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष व मंत्री ओम प्रकाश राजभर से मिलेंगे।

इसके बाद अपना दल (एस) की अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल उनसे चुनाव की तैयारियों तथा सीटों पर चर्चा के लिए मिलेंगी। इस कवायद का उद्देश्य सहयोगी दलों के साथ बेहतर चुनावी नतीजे हासिल करना है।

संजय निषाद से मुलाकात कर लिया तैयारियों का जायजा

शुक्रवार को दिल्ली में शाह से मुलाकात के दौरान संजय ने विधान सभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने निषाद बहुल उन सीटों पर पार्टी की दावेदारी रखी, जहां भाजपा लंबे समय से जीत हासिल नहीं कर सकी है। निषाद के अनुसार, भाजपा को प्रदेश के प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र की पूरी जानकारी है। फिलहाल सीटों की संख्या पर कोई चर्चा नहीं हुई है। इस बारे में दिसंबर में बातचीत होगी।

सुभासपा अध्यक्ष राजभर ने भी शाह से समय मांगा है। इस मुलाकात में राजभर उन 33 सीटों की सूची सौंपेंगे, जहां सुभासपा अपने प्रत्याशी उतारना चाहती है। सुभासपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर के मुताबिक शाह ने सप्ताहभर में बुलाने का आश्वासन दिया है।

 अनुप्रिया पटेल से भी मुलाकात करेंगे अमित शाह

अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष पटेल भी शाह से मिलने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह मुलाकात 15 दिनों के अंदर होगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले विधान सभा चुनाव में गठबंधन के तहत भाजपा ने अपना दल (एस) को 18 सीटें दी थीं। इनमें से पार्टी ने 12 सीटें जीतीं। इसके बाद हुए उपचुनाव में रामपुर जिले की स्वार सीट पर भी पार्टी को जीत मिली।

निषाद पार्टी को गठबंधन में 16 सीटें मिली थीं। इनमें से पार्टी के सिंबल पर छह सीटों पर जीत हुई, जबकि पांच सीटों पर भाजपा के सिंबल से मैदान में उतरे निषाद पार्टी के प्रत्याशी विजयी रहे।

सुभासपा पिछले चुनाव में सपा के साथ गठबंधन में थी। उसने 17 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे और छह सीटें जीती थीं। इस चुनाव में पूर्वांचल और अवध की राजनीति में प्रभाव रखने वाले ये तीनों सहयोगी दल भाजपा से अधिक सीटें हासिल करने की कोशिश में हैं।

यह भी पढ़ें- वीरता पदक विजेताओं की एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी अब होगी दोगुनी: सीएम योगी

यह भी पढ़ें- योगी सरकार स्टार्टअप इकोसिस्टम को देगी नई रफ्तार, इनक्यूबेटर्स और एक्सीलरेटर प्रोग्राम से मजबूत होगा नवाचार का आधार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।