टोल कर्मचारियों की बदसलूकी पर NHAI सख्त, सभी एजेंसियों और कंपनियों को FIR तक की चेतावनी
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल प्लाजा कर्मचारियों द्वारा सड़क उपयोगकर्ताओं से दुर्व्यवहार की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
टोल कर्मचारियों के दुर्व्यवहार पर NHAI ने सख्त चेतावनी दी।
एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस में एफआईआर भी दर्ज होगी।
सड़क उपयोगकर्ताओं से सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। टोल प्लाजा पर सड़क उपयोगकर्ताओं (रोड यूजर्स) से दुर्व्यवहार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल संचालन करने वाली सभी एजेंसियों और कंपनियों को चेतावनी दी है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसे मामलों में संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के साथ पुलिस में एफआइआर भी दर्ज कराई जाएगी।
टोल संचालन से जुड़े सभी एजेंसियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि हाल के दिनों में टोल कर्मचारियों द्वारा सड़क उपयोगकर्ताओं से दुर्व्यवहार की कई घटनाएं सामने आई हैं। जिससे एनएचएआइ की छवि प्रभावित हुई है। कर्मचारियों के व्यवहार पर करीबी निगरानी रखने के निर्देश पूर्व में दिए गए थे।
टोल एजेंसी के खिलाफ होगी कार्रवाई
इस निर्देश का पालन सुनिश्चित किया जाए। सड़क उपयोगकर्ताओं के साथ अभद्र या अनुचित व्यवहार के मामले में प्राधिकरण जीरो टॉलरेंस के तहत संबंधित टोल एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही पुलिस थानों में एफआइआर भी दर्ज कराई जाएगी।
एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) अब्दुल बासित के मुताबिक प्राधिकरण ने सड़क उपयोगकर्ताओं के साथ शालीन और अच्छा व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए टोल कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया है। एजेंसियों को भी कर्मचारियों के व्यवहार की निगरानी करने और उन्हें उचित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसी घटनाएं सामने आने पर प्राधिकरण सख्त कार्रवाई करेगा।
सड़क उपयोगकर्ताओं के साथ होगा सम्मानजनक व्यवहार
सड़क उपयोगकर्ताओं से मिलने वाली हर शिकायत की जांच की जाएगी। टोल वसूली का संचालन, कर्मचारियों की तैनाती और उनके व्यवहार की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की होगी। इसके साथ ही सड़क उपयोगकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना भी उसकी जिम्मेदारी होगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में हाईवे पर स्थित टोल प्लाजाओं पर रोड यूजर्स से दुर्व्यवहार और मारपीट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में मेरठ के एक टोल प्लाजा पर मारपीट की घटना हुई थी।
यह भी पढ़ें- सरयू-कमला एक्सप्रेस समय से पहले पहुंची अयोध्या कैंट, यात्रियों का स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।