लखनऊ में अपहरण के बाद नाबालिग से तीन दिन तक दुष्कर्म, मुख्य आरोपी 70 वर्षीय बुजुर्ग और महिला समेत पांच गिरफ्तार
Lucknow Crime News: गांव के ही दंपती ने किशोरी का अपहरण कर घर से निकाला, जबकि अन्य आरोपितों ने उसे होटल तक पहुंचाने और बंधक बनाकर रखने में भूमिका निभाई।

गिरफ्त में किशोरी का अपहरण कर होटल में बंधक बनाने वाले आरोपित। लाल शर्ट में दुष्कर्म करने वाला बुजुर्ग-- पुलिस
HighLights
70 वर्षीय द्वारिका रैदास ने अन्य आरोपियों की मदद से नाबालिग से तीन जबरदस्ती यौन संबंध बनाए
पुलिस ने पांचों के खिलाफ दर्ज किया अपहरण, पाक्सो और दुष्कर्म का केस
होटल के कमरे में रखा था कैद, किसी तरह चंगुल से छूटकर बताई कहानी
मोहनलालगंज पुलिस ने किया राजफाश, मामले की जांच कर की जा रही कार्रवाई
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र से किशोरी का अपहरण के बाद रायबरेली रोड पर एक होटल में तीन दिन तक बंधक बनाकर 70 वर्षीय बुजुर्ग से दुष्कर्म कराने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने राजफाश किया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित 70 वर्षीय द्वारिका रैदास समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि पूरी घटना पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी। गांव के ही दंपती ने किशोरी का अपहरण कर घर से निकाला, जबकि अन्य आरोपितों ने उसे होटल तक पहुंचाने और बंधक बनाकर रखने में भूमिका निभाई।
अपर पुलिस आयुक्त(एडीसीपी) आर वसंत कुमार ने बताया कि मोहनलालगंज के गांव की महिला ने 24 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी ननद 17 जुलाई को बिना बताए घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। 23 जुलाई को जानकारी मिली कि गांव के ही दुर्गेश रावत और उसकी पत्नी खुशबू किशोरी को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद किशोरी ने परिवारजन को पूरी आपबीती बताई।
पीड़िता ने बताया कि राबिया और उसके पति विनोद उसे बाइक से पीजीआइ क्षेत्र के एक होटल ले गए। वहां 18 से 20 जुलाई के तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इसी दौरान राबिया ने अपने परिचित द्वारिका रैदास से उसकी मुलाकात कराई, जिसने तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इस काम में अन्य चार भी उसकी मदद करते थे।
किसी तरह आरोपितों के चंगुल से निकलने के बाद पीड़िता ने परिवारजन को घटना की जानकारी दी। महिला की तहरीर पर पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। टीम ने साक्ष्य जुटाने और पूछताछ के बाद रविवार को किसान पथ के पास पूरनपुर गांव से मुख्य आरोपित द्वारिका रैदास, विनोद रावत, दुर्गेश रावत, खुशबू और राबिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपितों ने आपराधिक मंशा के तहत वारदात को अंजाम दिया। दुर्गेश, उसकी पत्नी खुशबू और विनोद ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की योजना बनाई। राबिया ने उसे होटल में ठहराया और मुख्य आरोपित द्वारिका रैदास को बुलाकर दुष्कर्म कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। द्वारिका ने तीन दिन तक किशोरी को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पांचों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
होटल मालिक की भूमका की जांच
इस मामले में होटल की भूमिका, वहां ठहरने के दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं थी। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।