विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में महिला दारोगा को कॉल कर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी, दर्ज किया गया मुकदमा

By Ayushman Pandey Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Fri, 24 Jul 2026 08:38 PM (IST)

Lucknow Crime: महिला दारोगा ने बताया कि 23 जुलाई को उनके सीयूजी पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। इसके ...और पढ़ें

महिला दारोगा को कॉल कर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी

महिला दारोगा को कॉल कर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी

HighLights

  1. आरोपित ने फोन पर दीं गालियां और एआई से फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी

  2. हसनगंज थाने की एक चौकी पर तैनात है महिला दारोगा

जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जिनके कंधों पर महिलाओं, युवतियों और बच्चियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वे ही असुरक्षित हैं। राजधानी के हसनगंज थाना की एक चौकी पर तैनात महिला दारोगा को दो अंजान नंबर से कॉल कर धमकाया गया।

आरोपित ने गाली-गलौज कर एआई से अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। पीड़ित महिला दारोगा ने हसनगंज कोतवाली में दो नंबर धारकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। इंस्पेक्टर चितवन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

पीड़ित दारोगा ने अपनी तहरीर में बताया कि 23 मई को अनीता मौर्या व दूसरे पक्ष की कीर्ति श्रीवास्तव व संदेश श्रीवास्तव के बीच विवाद हुआ था। दोनों ही पक्षों ने कोतवाली पर शिकायती पत्र देने के साथ ही सीएम पोर्टल पर शिकायत की थी। इस प्रकरण की जांच महिला दारोगा को मिली थी।

जांच में अनीता मौर्या के आरोप सही मिलने पर 26 मई को कीर्ति श्रीवास्तव व संदेश श्रीवास्तव के खिलाफ हसनगंज कोतवाली में मारपीट, गाली-गलौज व धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गयी थी। महिला दारोगा ने बताया कि 23 जुलाई को उनके सीयूजी पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। इसके बाद जांच के दौरान उन्हें फोन पर धमकी और अभद्र भाषा का सामना करना पड़ा।

फोन के पीछे मौजूद शख्स ने उक्त मामले की जानकारी लेने के बाद अभद्र व अश्लील शब्दों का इस्तेमाल कर धमकाया। टोकने पर आरोपित ने एआई से अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने कॉल काटकर नंबर ब्लॉक कर दिया।

इसके बाद आरोपित ने दूसरे नंबर से वाट्सएप कॉल कर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी। महिला दारोगा ने मामले की जानकारी हसनगंज इंस्पेक्टर को दी। बताया कि पहली कॉल की रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धमकी, गाली-गलौज व आईटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।