विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'थोथा चना बाजे घना', सपा के घोषणापत्र पर मायावती ने कसा तंज; मेनिफेस्टो को बताया छलावा

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:26 PM (GMT+05:30)

बसपा प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को 'छलावा' और 'हवाहवाई' बताया है। उन्होंने सपा पर गरीबों, दलितों और मुस्लिमों के हितों के खिलाफ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका 'जन-मन घोषणापत्र' वास्तव में 'धन-मन वादी' है।

बसपा सुप्रीमो मायावती। फोटो: सोशल मीडिया

बसपा सुप्रीमो मायावती। फोटो: सोशल मीडिया

HighLights

  1. मायावती ने सपा के घोषणापत्र को 'छलावा' करार दिया।

  2. सपा के 'जन-मन घोषणापत्र' को 'धन-मन वादी' बताया।

  3. सपा पर जातिवादी और धन्नासेठ समर्थक होने का आरोप।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समजावादी पार्टी द्वारा जारी घोषणा पत्र को छलावा करार दिया है। मयावती ने कहा है कि सपा का ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से कल जारी किया गया ’प्रण-पत्र’, इनके कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवाहवाई है और ’थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करने वाला है।

शुक्रवार को मायावती ने एक्स पर लिखा कि सपा का स्वभाव जाहिर तौर पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित के विरुद्ध संकीर्ण, जातिवादी और धन्नासेठ समर्थक रहा है, राज्यसभा चुनाव में पीडीए के बजाय एक बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता देना, इसका उदाहरण है।

इनका ’जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’ अधिक है। सपा समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी व बाहुबलियों आदि को चुनाव मैदान में भी उतारेगी जो खुद के लाभ व स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं।

यह भी पढ़ें- 'सपा का घोषणा पत्र सिर्फ जुमलेबाजी', OP राजभर ने अखिलेश और आजम खां पर बोला हमला

उन्होंने आगे लिखा कि बसपा ने अपनी सरकारों के समय ’हर हाथ को काम’ और ’कानून का राज’ की नीति पर काम किया, जो सपा, कांग्रेस व भाजपा आदि के बलबूते की बात नहीं।

मायावती ने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के दामन पर लगे अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा आरक्षण विरोधी रवैये और प्रदेश को जातिवादी व दंगा-युक्त बनाने के धब्बों को जनता भला कैसे भुला पायेगी? सपा की बातें, वादे, दावे व घोषणाएं आदि चुनावी छल व छलावा हैं, इसलिए लोग जरूर सावधान रहें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।