UPI पर शुल्क को लेकर मायावती का भाजपा पर हमला, बोलीं- मुनाफाखोरी के लिए जनता से हो रही टैक्स वसूली
बसपा प्रमुख मायावती ने ₹2000 से अधिक के UPI लेनदेन पर MDR शुल्क लगाने को सरकार की मुनाफाखोरी बताया है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती।
HighLights
मायावती ने यूपीआई शुल्क को सरकार की मुनाफाखोरी बताया।
स्मार्ट स्कूल योजना और आरक्षण पर भी उठाए सवाल।
जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का किया विरोध।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआइ) से दो हजार रुपये अधिक के भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क लगाने को लेकर बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने शुक्रवार को एक्स पर लिखा, पहले खूब बढ़ावा देने के बाद अब सरकार की यूपीआइ लेनदेन पर शुल्क वसूलने की व्यवस्था लोगों की नजर में प्रथमदृष्टया मुनाफाखोरी के पूंजीवादी रवैये के तहत टैक्स वसूली है।
सरकार, जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने की इस व्यवस्था को ‘कर’ मानने को तैयार नहीं है। इसे चाहे जो भी नाम दिया जाए, जेब तो अंततः आमजन की ही कटेगी, उसका ही खर्च बढ़ेगा।
मायावती ने आगे लिखा कि बहुसंख्यक जनता गरीबी व जबरदस्त महंगाई की मार से त्रस्त है।
कौन करेगा जनता की चिंता?
उनके बच्चे अशिक्षा, बेरोजगारी व अव्यवस्था आदि से पीड़ित हैं, ऐसे में सरकार की नीति व कार्ययोजना लाभ कमाने वाली व्यावसायिक के बजाय कल्याणकारी होनी चाहिए। जनता की तकलीफ की चिंता सरकार नहीं करेगी तो फिर कौन करेगा?
यह भी पढ़ें- यूपी के 28 गांवों में होगी पंचायत सहायकों की होगी नियुक्ति, ब्लॉक-मुख्यालय के चक्करों से मिलेगा छुटकारा
उन्होंने 14,500 स्कूलाें को 300 करोड़ रुपये से स्मार्ट बनाने की प्रदेश सरकार की घोषणा पर भी सवाल उठाए, लिखा कि दो लाख रुपये से क्या यह संभव होगा? बच्चों को कथित ’स्मार्ट पढ़ाई’ से पहले स्कूल भवन, बेंच-कुर्सी, किताब, शौचालय, मैदान, साफ-सफाई आदि की सही व्यवस्था की जाए।
यह भी पढ़ें- यूपी में जमीन फाड़कर निकाला जाएगा पानी का खजाना: कानपुर से प्रयागराज के बीच मिली 200 KM लंबी प्राचीन नदी
एक अन्य पोस्ट में विशेष घटक योजना से बने मेडिकल कालेजों में आरक्षण से जुड़े हाईकोर्ट के फैसले को पर कहा कि न्यायालय में सरकार यदि इस बात की पुरजोर पैरवी करती कि योजना के पैसे से सहारनपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज व जालौन में बने मेडिकल कालेजों में अनुसूचित वर्ग के लिए अतिरिक्त आरक्षण की व्यवस्था, सामान्य आरक्षण से अलग है तो शायद कोर्ट इस पर सकारात्मक विचार करता और रोक नहीं लगाता। उन्होंने सरकार से सुप्रीम कोर्ट में अपेक्षित राहत के लिए अपील करने की मांग की है।
