लखनऊ में अग्नि सुरक्षा उपायों को लेकर फिर बढ़ी चिंता, जानकीपुरम की दुकानों में लगी भीषण आग
लखनऊ के जानकीपुरम सेक्टर-3 में खाली प्लॉट और फुटपाथ पर लगी सब्जी और गद्दों की दुकानों में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई।

जानकीपुरम सेक्टर-3 में आग लगने के बाद जलती दुकानें। जागरण
HighLights
जानकीपुरम सेक्टर-3 में खाली प्लॉट और फुटपाथ पर लगी आग।
सब्जी और गद्दों की दुकानों में फैली, दो घंटे में काबू पाया।
कोई हताहत नहीं, अग्नि सुरक्षा पर स्थानीय लोगों की चिंता।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। भवानी चौराहे से चंद्रिका टावर्स जाने वाली सड़क पर जानकीपुरम सेक्टर-3 में खाली प्लॉट और फुटपाथ पर लगी दुकानों में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। सब्जी और गद्दों की दुकानों में आग फैलने से आसपास के मकानों में रहने वाले लोग डर गए। लोग घरों से बाहर निकल आए।
सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र के खाली प्लाटों और फुटपाथ पर लंबे समय से दुकानें संचालित हो रही हैं। इनमें सब्जी और गद्दों समेत अन्य सामान का कारोबार किया जा रहा है।
दुकानों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों में डर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों का निरीक्षण कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।