अयोध्या के युवक ने चिपकाया ट्रेन में बम की धमकी और सांप्रदायिक संदेश, लखनऊ से गिरफ्तार
Bomb Threat in Train: लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन में हाथ से लिखे ऐसे संदेश चिपकाने का ...और पढ़ें

गवर्नमेंट रेलवे पुलिस ने 28 वर्षीय युवक को लखनऊ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ-नौ के पास गिरफ्तार किया
HighLights
वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी में हाथ से लिखे धमकी और सांप्रदायिक संदेश चिपकाने का आरोप
वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी में 11 नवंबर को चिपकाया गया था धमकी और सांप्रदायिक संदेश
जागरण संवाददाता, लखनऊ । वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी (ट्रेन नंबर 14225/26) के दो जनरल कोच में 11 नवंबर को ट्रेन में बम की धमकी और सांप्रदायिक संदेश चिपकाने वाले अयोध्या के युवक को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है। गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) ने 28 वर्षीय युवक को लखनऊ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ-नौ के पास गिरफ्तार किया है।
जीआरपी के लखनऊ मीडिया सेल ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद शारिक के रूप में हुई है, जो अयोध्या जिले के अंसार नगर का रहने वाला है। उसे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 8/9 के पास से गिरफ्तार किया गया। उस पर लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन में हाथ से लिखे ऐसे संदेश चिपकाने का आरोप है, जिनमें सांप्रदायिक टिप्पणियां थीं और ट्रेन को उड़ाने की धमकी दी गई थी।
जीआरपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने एक महिला को बदनाम करने और परेशान करने के लिए ये संदेश लगाए थे। महिला के साथ उसका प्रेम संबंध था, लेकिन बाद में वह उसे छोड़कर चली गई थी। आरोपी के पास से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है और उसका पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी (ट्रेन नंबर 14225/26) के दो जनरल कोच में शौचालय की खिड़कियों और शीशों के पीछे हाथ से लिखे नोट चिपकाए गए थे। इनमें आपत्तिजनक बातें थीं, जिनका मकसद धार्मिक और सांप्रदायिक नफरत फैलाना था, साथ ही इनमें विस्फोट करने की धमकी भी दी गई थी।
इस घटना की जांच के लिए तीन टीमें बनाई गई थीं। इनमें सर्विलांस यूनिट के साथ-साथ चारबाग, शाहजहांपुर, अयोध्या और अकबरपुर के GRP थानों के पुलिसकर्मी शामिल थे। GRP ने बताया कि चारबाग GRP थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने इस मामले को सुलझाने और आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीमों के लिए 25,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।