रबी की बुवाई के बीच किसानों को बड़ी राहत, सहकारी समितियों पर DAP-यूरिया का वितरण शुरू
सहकारी समिति सचिवों की हड़ताल स्थगित होने के बाद मलिहाबाद क्षेत्र में डीएपी और यूरिया खाद का वितरण बुधवार से ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
समिति सचिवों की हड़ताल स्थगित, खाद वितरण फिर शुरू।
रबी बुवाई के लिए डीएपी-यूरिया की आपूर्ति बहाल।
किसानों को आधार-खतौनी जांच के बाद मिल रही खाद।
जागरण संवाददाता, मलिहाबाद। क्षेत्र के अन्नदाताओं के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। पिछले दो सप्ताह से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर रहे समिति सचिवों ने किसानों की समस्याओं को देखते हुए अपनी हड़ताल कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दी है। हड़ताल स्थगित होने के साथ ही बुधवार से क्षेत्र की सभी साधन सहकारी समितियों पर खाद का वितरण पुनः सुचारू रूप से शुरू हो गया है।
वर्तमान में रबी की मुख्य फसल गेहूं की बुवाई का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके कारण क्षेत्र में डीएपी और यूरिया खाद की मांग काफी बढ़ गई थी। समितियों के बंद रहने से किसान निजी दुकानों के चक्कर काटने को मजबूर थे। हालांकि, अब समितियों पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया का स्टॉक उपलब्ध है।वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने और खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और समिति प्रबंधन ने सख्त नियम लागू किए हैं।
किसानों को उनके आधार कार्ड और खतौनी की जांच करने के बाद ही नियमानुसार खाद उपलब्ध कराई जा रही है।बुधवार सुबह से ही लालगंज, रहीमाबाद, दौलतपुर, भदवाना, खड़ता और कहला स्थित साधन सहकारी समितियों पर किसानों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें- परिषदीय विद्यालयों की गुणवत्ता और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कल, निपुण भारत पर रहेगा जोर
समय पर खाद मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों का कहना है कि अब वे बिना किसी परेशानी के समय पर अपने खेतों में गेहूं की बुवाई सुनिश्चित कर पाएंगे।