विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रद्धा दुबे के लगातार ऑडियो वायरल, कह रही है- लोग मेरे हिसाब से मेरे पास आते हैं और जाते भी मेरे हिसाब से

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:11 PM (IST)

Shaddha Dubey Audio Viral: ऑडियो में शिवा शर्मा से नाराजगी जताते हुए श्रद्धा दुबे धमकी भरे लहजे में बात करती ...और पढ़ें

लिव इन पार्टनर शिवा शर्मा की हत्या में गिरफ्तार श्रद्धा दुबे

लिव इन पार्टनर शिवा शर्मा की हत्या में गिरफ्तार श्रद्धा दुबे

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, लखनऊ: युवा व्यवसायी और लिव इन पार्टनर शिवा शर्मा की हत्या के 11 दिन बाद में मंगलवार को नागपुर में गिरफ्तार श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को नागपुर से सड़क मार्ग से लखनऊ लाया जा रहा है। 850 किमी की दूरी तय करने में 15-18 घंटे लगेंगे। इस बीच श्रद्धा दुबे के दो ऑडियो वायरल हैं, जिसमें वह शिवा को धमकी दे रही है।

लखनऊ के शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे के दो और कथित ऑडियो सामने आए हैं। इन ऑडियो में श्रद्धा दुबे शिवा शर्मा से नाराजगी जताते हुए धमकी भरे लहजे में बात करती और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। बातचीत में वह बार-बार अपनी बदनामी का जिक्र करती है और शिवा को सबक सिखाने की बात कहती है।

ऑडियो में बदनामी का जिक्र, शिवा को धमकी

वायरल पहले ऑडियो में श्रद्धा दुबे शिवा शर्मा से कहती सुनाई देती है कि उसकी वजह से उसका नाम खराब हुआ है। श्रद्धा का आरोप है कि शिवा ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी, जिसके बाद लोग उसके बारे में तरह-तरह की बातें करने लगे। बातचीत के दौरान वह एक अधिकारी का जिक्र करते हुए कहती है कि उन्हें शिवा के बारे में जानकारी मिली है। वह उसकी आर्थिक स्थिति का भी जिक्र करती है। इस पर शिवा कहता सुनाई देता है कि अगर उसकी पूरी डिटेल निकाली गई है, तो श्रद्धा जवाब देती है कि जब लोग उसकी जानकारी निकाल सकते हैं, तो वे कुछ भी कर सकते हैं।

उतना ही घुमा-घुमाकर वह उसे मारेगी

इसके बाद श्रद्धा अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहती है कि शिवा ने उससे कभी साथ नहीं छोड़ने का वादा किया था, लेकिन अब वह उसे छोड़कर जा रहा है। ऑडियो में वह यह भी कहती सुनाई देती है कि शिवा पूरे शहर में यह दिखा रहा था कि वह उसे घुमा रहा है। इसके बाद श्रद्धा कथित तौर पर धमकी भरे लहजे में कहती है कि जितना घुमा-घुमाकर शिवा ने उसका नाम खराब किया है, उतना ही घुमा-घुमाकर वह उसे मारेगी, ताकि लोग उसे याद रखें। बातचीत में एक तीसरे व्यक्ति की आवाज सुनाई देने का दावा भी किया जा रहा है।

दूसरे कथित ऑडियो में भी धमकी देने का दावा

दूसरे कथित ऑडियो क्लिप में श्रद्धा किसी व्यक्ति को फोन करके अपने घर आने के लिए कहती सुनाई देती है। वह कहती है कि एक बहुत बड़ा मामला हो गया है। बातचीत के दौरान वह अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती है और शिवा की गाड़ी में घूमने की वजह से बदनाम होने की बात कहती है। इस ऑडियो में श्रद्धा शिवा की धज्जियां उड़ाने और उसकी जान लेने की बात कहती सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।

वह यह भी कहती है कि लोग उसके बारे में तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और उसकी छवि खराब हो गई है। बातचीत के दौरान वह सवाल करती है कि क्या शिवा को लगता है कि वह उसे माफ कर देगी। ऑडियो में श्रद्धा ऋषभ नाम के एक व्यक्ति का भी जिक्र करती है। वह कहती है कि ऋषभ उसके पीछे पड़ा रहता था, लेकिन उसे नजरअंदाज करने के बावजूद उसने उसके साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया। वहीं, शिवा पर आरोप लगाते हुए वह कहती है कि अपना काम निकालने के बाद उसने उसे नजरअंदाज करना शुरू कर दिया।

तुझे कुत्ता बनाकर मारा, वीडियो सबको दिखाकर फैलाऊंगी

श्रद्धा फोन पर शिवा से गालीगलौज करते हुए उसे धमकाती सुनाई दे रही है। वह कह रही है कि तुझे कुत्ता बनाकर मारा है, इसका वीडियो सबको दिखाकर फैलाऊंगी। साथ ही शिवा के गोल्ड के कारोबार से जुड़ी रिकार्डिंग करने का दावा भी कर रही है। हालांकि, वायरल आडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आडियो में श्रद्धा और शिवा के बीच तीखी बहस सुनाई दे रही है।

श्रद्धा शिवा पर अपने लोगों को फोन करने और उन्हें परेशान करने का आरोप लगाती है। वह कहती है कि तू मेरे पंटरों को काट रहा है। तेरे गोल्ड के काम की भी रिकार्डिंग कर ली है। इस पर शिवा सफाई देते हुए कहता है कि उसने किसी के पास फोन नहीं किया, बल्कि उसके पास आमिर का फोन आया था। बातचीत के दौरान श्रद्धा शिवा को धमकाते हुए कहती है कि पूरा शहर हंस रहा है कि उसने उसे कुत्ता बनाकर मारा।

जितना वह उसे परेशान करेगा, उतना ही वह इस बात को फैलाती जाएगी और लोगों को वीडियो भी दिखाएगी। श्रद्धा शिवा पर उसके साथ बदतमीजी करने और खिलवाड़ करने का आरोप लगाती है। वह कहती है कि शिवा उसका ईगो हर्ट कर रहा है और उसे बहुत ज्यादा डिप्रेस कर रहा है। इस पर शिवा पूछता है कि आखिर किसने उसके साथ खिलवाड़ किया है।

श्रद्धा जवाब देती है कि वह लोगों को सब कुछ दिखाकर बताएगी कि क्या हुआ और क्या नहीं। शिवा हत्याकांड में सामने आए इस कथित आडियो ने दोनों के बीच विवाद और तनाव को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, आडियो की प्रामाणिकता और बातचीत के पूरे संदर्भ की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

शिवा शर्मा हत्याकांड की टाइम लाइन

नौ अक्टूबर : हजरतगंज के बलू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में शिवा शर्मा चौथी मंजिल से गिरकर मौत हुई थी।
10 अक्टूबर: शिवा की मां रंजना शर्मा की शिकायत पर हजरतगंज पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, चालक तनवीर अली उर्फ दानिश और अन्य लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
10 अक्टूबर: पुलिस जांच में श्रद्धा की कार बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास मिलने की जानकारी सामने आई। नेपाल में ई-रिक्शा पर श्रद्धा और रश्मि जैसी दिखने वाली महिलाओं का वीडियो सामने आने की खबर भी आई।
11 से 13 अक्टूबर: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवा के शरीर पर 11 बाहरी चोटों और कई आंतरिक चोटों का उल्लेख सामने आया। इनमें पांच के करीबचोट पुरानी थी।
14 से 15 अक्टूबर: श्रद्धा का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आया, जिसमें उसने शिवा की मौत को आत्महत्या बताया और खुद को निर्दोष कहा।
15 अक्टूबर: श्रद्धा, रश्मि और तनवीर अली उर्फ दानिश की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किए जाने की खबर सामने आई।
16 से 17 अक्टूबर : पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट प्राप्त किए। नेपाल पुलिस से समन्वय और संपत्ति कुर्क करने की कानूनी प्रक्रिया की तैयारी की जानकारी भी सामने आई।
17 अक्टूबर: नेपाल से गोरखपुर के जरिए भारत में बुर्का पहनकर दाखिल किया।
18 से 19 अक्टूबर: मामले की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी में देरी के बीच पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण की खबर सामने आई। हजरतगंज के थाना प्रभारी विक्रम सिंह लाइन हाजिर, डीसीपी मध्य विक्रांत वीर को हटाते हुए पुलिस मुख्यालय भेजा गया।
19 अक्टूबर: तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए इनाम बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये किए जाने की जानकारी सामने आई। एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा को जांच में लापरवाही के आरोप में हटाया गया।
20 अक्टूबर: लखनऊ पुलिस, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश को नागपुर से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई। अब आरोपितों से पूछताछ और उन्हें लखनऊ लाने की कानूनी प्रक्रिया अहम होगी।
21 अक्टूबर: नागपुर कोर्ट में पुलिस ने तीनों आरोपितों ट्रांजिट रिमांड ली गई। कोर्ट ने 72 घंटे की रिमांड दी, जिसके बाद लखनऊ पुलिस उन लोगों को वहां से लेकर निकल गई।

यह भी पढ़ें- श्रद्धा दुबे और दो अन्य नागपुर के हुडकेश्वर पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित, आज रात तक पहुंचेंगे लखनऊ

यह भी पढ़ें- एसटीएफ की गिरफ्त में श्रद्धा दुबे का ब्वॉयफ्रेंड आमिर, बहराइच से नेपाल बॉर्डर तक पहुंचाया