'ये तो केवल सैंपल...', महोबा के सियासी टकराव पर अखिलेश यादव का तंज, कहा- इस बार भाजपा को चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी ही नहीं मिलेंगे
महोबा में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के विरोध का सामना करना पड़ा। विधायक ने जल जीवन मिशन में काम न होने और सड़कों की दुर्दशा पर सवाल उठाए, जिससे हंगामा हुआ। सुरक्षाकर्मियों के बीच भी तनाव दिखा। अखिलेश यादव ने इसे भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार की आंतरिक कलह बताया, आरोप लगाया कि मंत्री-विधायक पैसे कमाने में लगे हैं।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को भाजपा के ही एक विधायक के विरोध का सामना करना पड़ा। चरखारी विधायक ने मंत्री से सवाल-जवाब के दौरान तीखे सवाल किए, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने हंगामा मचा दिया। इस दौरान मंत्री और विधायक के सुरक्षा कर्मियों के बीच भी तनाव की स्थिति बन गई।
अखिलेश की तीखी प्रतिक्रिया
इस घटना पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हम पहले से ही कहते आ रहे थे कि भाजपा का 'डबल इंजन' सरकार अब आपस में टकरा रहा है, बल्कि डिब्बे भी एक-दूसरे से भिड़ रहे हैं। भाजपा के मंत्री और विधायक चाहे जो हों, सब पैसे कमाने और जमीन हड़पने में जुटे हुए हैं। जनता या विकास के काम की इन्हें कोई फिक्र नहीं है।
इसलिए जनता के गुस्से से बचने के लिए अब ये लोग आपस में ही एक-दूसरे पर इल्जाम लगा रहे हैं। भाजपा के ही विधायक द्वारा अपनी पार्टी की सरकार के मंत्री को घेरना और बंधक जैसी स्थिति बनाना यह साबित करता है कि ये विधायक अगले चुनाव में हारने वाले हैं।
यह भी पढ़ें- UP के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की बीजेपी विधायक बृजभूषण से जोरदार बहस, सुरक्षाकर्मी भी आपस में भिड़े; VIDEO आया सामने
और यह सिर्फ इन दोनों के बीच की निजी लड़ाई नहीं है, बल्कि यह एक नमूना भर है। प्रदेश की हर विधानसभा में यही हालत है। इस बार भाजपा को चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार ही नहीं मिल पाएंगे।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, उप्र के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को महोबा पहुंचे। वह शहर के रामश्री महाविद्यालय में आयोजित एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के युवा उद्घोष कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौट रहे थे। तभी चरखारी के भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने करीब 100 प्रधानों व समर्थकों सहित उनका काफिला रोक लिया।
विधायक ने मंत्री से कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कोई काम नहीं हुए है और 40 से अधिक गांवों की सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते। इस पर नोंकझोंक हुई और मंत्री ने कहा कि जिन गांवों में समस्या है वह उन गांवों में जाएंगे और दोषी अधिकारियों को सस्पेंड किया जाएगा। पुलिस कर्मियों की समर्थकों से तीखी बहस हुई। दोनों के सुरक्षाकर्मियों में भी तनातनी शुरू हो गई। पुलिस अधिकारियों को स्थिति संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।
प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली मनीष पांडेय से विधायक समर्थक भिड़ गए। विधायक और मंत्री कार में बैठे और उनके बीच वार्ता हुई। विधायक ने अपने समर्थकों से कलेक्ट्रेट जाने के लिए कहा। हालांकि साथ में मौजूद एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर व अधिकारियों ने विधायक व मंत्री से बात की। इसके बाद सभी लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। मंत्री से विधायक समर्थकों ने जमीनों पर कब्जा की बात कही। मंत्री भीड़ को धकियाते हुए कार में बैठे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।