महाकुंभ डाक्यूमेंट्री के नाम पर की थी सात करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी इन्द्रजीत नट्टोजी मुंबई से गिरफ्तार
महाकुंभ 2025 डॉक्यूमेंट्री तैयार करने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी इंद्रजीत नट्टोजी को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है।

HighLights
महाकुंभ 2025 डॉक्यूमेंट्री धोखाधड़ी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
इंद्रजीत नट्टोजी को मुंबई से आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन ने पकड़ा।
फर्जी बिलों से सात करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। महाकुंभ 2025 पर डॉक्यूमेंट्री तैयार करने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (इओडब्ल्यू) ने मुख्य आरोपित इन्द्रजीत नट्टोजी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। इओडब्ल्यू के अनुसार आरोपितों ने कूटरचित बिल, फर्जी अनुबंध और भ्रामक दस्तावेजों के माध्यम से करीब सात करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का गबन किया। परियोजना के लिए 5.60 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया था, लेकिन डाक्यूमेंट्री तैयार नहीं की गई।
मामले की शिकायत मेसर्स आइक्यू की निदेशक पुनीत सिक्का ने की थी। उनके अनुसार दो जनवरी 2025 को महाकुंभ पर डाक्यूमेंट्री निर्माण के लिए मेसर्स आइएनके पिक्चर्स और एमकोड वेंचर्स एलएलपी के साथ अनुबंध हुआ था। परियोजना के तहत जीएसटी समेत 5,60,21,304 रुपये का भुगतान किया गया था।
जांच में सामने आया कि परियोजना में काम कर रहे कर्मचारियों के भोजन और कैटरिंग के नाम पर करीब 75 लाख रुपये के कूटरचित हस्तलिखित बिल प्रस्तुत कर भुगतान लिया गया। इसके अलावा काम पूरा न करने की धमकी देकर करीब 20 लाख रुपये की जबरन वसूली करने और शूटिंग व स्टूडियो किराये के नाम पर अतिरिक्त धनराशि मांगने के भी आरोप हैं।
यह भी पढ़ें- वंचितों की मजबूत आवाज थे पासवान, उन्हें बिहार जैसा यूपी में भी दिलाएंगे सम्मान: CM योगी
इओडब्ल्यू के अनुसार विवेचना के दौरान जुटाए गए मौखिक, अभिलेखीय, डिजिटल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की समीक्षा में नामजद इन्द्रजीत नट्टोजी समेत छह आरोपितों के विरुद्ध आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने, आपराधिक विश्वासघात, जबरन वसूली तथा आपराधिक धमकी के तथ्य सामने आए हैं। जांच में 50 टीबी से अधिक फुटेज चोरी किए जाने की बात भी सामने आई है।
