विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वंचितों की मजबूत आवाज थे पासवान, उन्हें बिहार जैसा यूपी में भी दिलाएंगे सम्मान: CM योगी

Published: Fri, 09 Oct 2026 06:03 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम विलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर उन्हें वंचितों का प्रखर स्वर बताया और बिहार की तरह उत्तर प्रदेश में भी सम्मान दिलाने का वादा किया। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. सीएम योगी ने राम विलास पासवान को वंचितों का प्रखर स्वर बताया।

  2. उत्तर प्रदेश में भी पासवान को बिहार जैसा सम्मान मिलेगा।

  3. चिराग पासवान की पार्टी यूपी में सभी 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्मभूषण राम विलास पासवान की छठवीं पुण्यतिथि पर गोल्फ सिटी स्थित दयाल बाग में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार की राजनीति में 50 साल पहले ऐसे युवा नेता का अभ्युदय हुआ, जो दलितों एवं वंचितों की प्रखर आवाज बनकर उभरा।

बिहार ने इस स्वर को सम्मान देते हुए राम विलास पासवान को सबसे ज्यादा मतों से जिताकर संसद भेजा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें बिहार जैसा सम्मान यूपी में भी दिलाया जाएगा। पासवान की विरासत को उनके पुत्र चिराग पासवान पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। योगी ने कहा कि बिहार की तरह यूपी भी राम विलास पासवान को विशेष सम्मान देगा। उनकी यूपी में भी खूब लोकप्रियता है। आज भले ही वो हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार साथ हैं।

योगी ने संसद में पासवान के साथ बिताए अनुभवों को साझा किया। कहा कि उन्होंने सामाजिक लड़ाई को बिना भेदभाव बढ़ाया। अटल बिहारी बाजपेयी और नरेन्द्र मोदी सरकार में मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य के रूप में काम किया। उनकी सरलता एवं सहजता हृदय को छू लेती थी। उन्होंने अपना जीवन सामाजिक चेतना को जागरूक करने एवं बाबा साहेब के सपने का भारत बनाने के प्रति समर्पित किया।

योगी ने पासवान की पुण्यतिथि को राष्ट्रीय समारोह की तरह मनाने के लिए बिहार सरकार को बधाई दी। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, मंत्री दयाशंकर सिंह, रालोद के महासचिव त्रिलोक त्यागी समेत कई अन्य पहुंचे।

यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ाने की तैयारी: चिराग

लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी बिहार, झारखंड और नागालैंड जैसे राज्यों में मजबूत आधार बना चुकी है। अब उत्तर प्रदेश में भी विस्तार की तैयारी है। पार्टी सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कहा कि यूपी में भी उनके समर्थकों की बड़ी संख्या है। एनडीए के साथ गठबंधन को लेकर पूछे प्रश्न पर कहा कि अभी तक इस संदर्भ में कोई बात नहीं हुई है।

अखिलेश के पीडीए पर कहा कि राज्य सभा चुनाव में उनके पास संदेश देने का अवसर था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत अन्य के प्रदर्शन पर कहा कि प्रश्न पूछना और समाधान जानना सबका अधिकार है, लेकिन यहां सिर्फ हंगामा करने का लक्ष्य है। अगर वो अपनी आशंकाओं का समाधान चाहते तो मिलकर बात रखते।

यह भी पढ़ें- सपा प्रमुख पर राजभर का हमला, बोले- राम मंदिर नहीं जा सकते अखिलेश, भाईजान हो जाएंगे नाराज

योगी के 80-20 वाले बयान पर कहा कि हम समावेशी राजनीति में विश्वास करते हैं। इस़से पहले अपना दल-एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि राम विलास पासवान बड़ी सोच के नेता थे। कई सरकारों में दलितों एवं वंचितों की आवाज रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।