दीपावली पर शुरू होगा लखनऊ का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर, 10 लाख लोगों की ट्रैफिक टेंशन होगी खत्म
लखनऊ का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर दीपावली पर चालू हो जाएगा, जिससे डालीगंज से पक्का पुल तक का सफर दो मिनट में पूरा होगा। यह ग्रीन कॉरिडोर परियोजना का हिस्सा है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
दीपावली पर चालू होगा लखनऊ का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर।
डालीगंज से पक्का पुल तक का सफर होगा आसान।
पुराने लखनऊ के 10 लाख लोगों को मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। ग्रीन कारिडोर परियोजना के तहत बन रहा लखनऊ का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर दीपावली पर चालू हो जाएगा। डालीगंज से पक्का पुल तक का सफर दो मिनट में पूरा होगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को परियोजना का निरीक्षण करके टीले वाली मस्जिद के पास इंटीग्रेटेड रोटरी बनाने के भी निर्देश दिए हैं।
पक्का पुल (हर्डिंग ब्रिज) से डालीगंज रोटरी के मध्य बना यह टू-लेन फ्लाईओवर 1.1 किमी लंबा है। रेलवे ब्रिज के ऊपर बने इस फ्लाईओवर की भूमि से ऊंचाई 25 मीटर है। स्ट्रक्चर का निर्माण पूरा होने पर अब डामरीकरण व स्ट्रीट लाइट्स का कार्य कराया जा रहा है।
10 लाख की आबादी को मिलेगा लाभ
अक्टूबर माह के अंत तक शेष कार्य पूरा कराकर इसे दीपावली पर चालू करने की योजना है। इससे पक्का पुल से समतामूलक चौराहे तक सीधा आवागमन होगा और पुराने लखनऊ की 10 लाख की आबादी को लाभ मिलेगा। फ्लाईओवर पर चढ़ने व उतरने वाले ट्रैफिक को सुगम रास्ता देने के लिए इंटीग्रेटेड रोटरी टीले वाली मस्जिद के पास बनेगी।
उपाध्यक्ष ने बताया, मरी माता मंदिर के पास पूर्व निर्मित रोटरी को री-माडल करके वाहनों के लिए तैयार किया जाएगा। आइआइटी बीएचयू व वीएनआइटी नागपुर की संयुक्त टीम से सर्वे कराकर इंटीग्रेटेड रोटरी की ड्राइंग तैयार कराया है। सेतु निगम पक्का पुल के पास गोमती नदी पर नया ब्रिज बना रहा है।
यह भी पढ़ें- अब यूपी में जंगलों में लगी चेनलिंक और सोलर फेंसिंग का होगा ऑडिट, IFS अधिकारियों की टीम करेगी जांच
ब्रिज के बनकर चालू होने के बाद पक्का पुल पर वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। पक्का पुल को पैदल यात्रियों के लिए पेडेस्ट्रियन ब्रिज के रूप में उपयोग करने का प्रस्ताव है। यहां पीआइयू के प्रभारी एके सिंह सेंगर, जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार व मनोज सागर आदि रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।