कभी ज्यादा बोलने पर पड़ती थी डांट, आज उसी हुनर की दुनिया देती है दाद; वैश्विक मंच पर यूपी की सदफ बुलंद करेंगी देश की आवाज
लखनऊ की सदफ खान, जिन्हें बचपन में अधिक बोलने पर डांट पड़ती थी, अब उसी हुनर से वैश्विक मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

सदफ खान। जागरण
HighLights
सदफ खान तुर्किये के अंताल्या में COP31 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वह वैश्विक कार्बन उत्सर्जन, महिला शिक्षा, जलवायु वित्त पर बोलेंगी।
सदफ 15 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत का चेहरा बनीं।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। हमेशा अधिक बाेलने के लिए जिस सदफ को कभी डांट पड़ती थी। आज उसी अधिक बोलने की आदत से एक नई पहचान मिल ही। स्कूल के मंच से शुरू हुआ लखनऊ की सदफ के बोलने का सफर वैश्विक मंचों तक पहुंच चुका है।
लोकनीति, जलवायु परिवर्तन और मानवाधिकार जैसे विषयों पर बेबाकी से अपनी बात रखने वाली सदफ तुर्किये के अंताल्या में नौ से 20 नवंबर तक आयोजित संयुक्त राष्ट्र के 31वें (कोप) जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में देश का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। इससे पहले भी वह कई अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग ले चुकी हैं। दूसरी बार कोप-31 में शामिल होने के लिए वह बुधवार को रवाना हो चुकी हैं।
सरोजनीनगर के बेहसा गांव निवासी सदफ खान नान-अलाइन्ड मूवमेंट यूथ आर्गनाइजेशन में एशिया क्षेत्र की कार्यकारी बोर्ड सदस्य, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की न्यू एजुकेशन पालिसी एंबेसडर और इंडियन यूथ न्यूक्लियर सोसाइटी की भी सदस्य हैं।
सदफ ने बताया कि वह कोप-31 में पैनलिस्ट के रूप में तीन विषयों पर चर्चा करेंगी। पहली चर्चा में वह वैश्विक कार्बन उत्सर्जन, विकसित और विकासशील देशों की जलवायु संबंधी जिम्मेदारियों एवं जलवायु संकट से प्रभावित कमजोर देशों की चुनौतियों को सामने रखेंगी।
दूसरी चर्चा में ग्लोबल साउथ में महिलाओं की उच्च शिक्षा तक समान पहुंच, लैंगिक भेदभाव और सामाजिक बहिष्करण जैसे मुद्दे उठाएंगी। वहीं, तीसरी चर्चा में विकासशील देशों के लिए समान जलवायु वित्त, आपदा से हुए नुकसान की भरपाई और सतत विकास के लिए वित्तीय सहायता की जरूरत पर बात रखेंगी।
15 से सम्मेलनों में कर चुकी हैं प्रतिनिधित्व
सदफ अब तक 15 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों और राजनयिक मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इनमें रूस का ब्रिक्स यूथ एनर्जी समिट, रोम का वर्ल्ड फूड फोरम, कतर का संयुक्त राष्ट्र विश्व सामाजिक विकास शिखर सम्मेलन, स्विट्जरलैंड का मानवाधिकार संगोष्ठी और अजरबैजान में आयोजित कोप-29 शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।