लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के पास बनेगा औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर, प्राधिकरण में शामिल होंगे 171 गांव
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के पास औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए क्षेत्र को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करने का निर्देश दिया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर का विकास।
171 गांव उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण के दायरे में आएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्थिक विकास हेतु निर्देश जारी किए।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कारिडोर के आस-पास औद्योगिक व लाजिस्टिक कारिडोर विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कारिडोर के नियोजित विकास के लिए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कारिडोर और उसके आस-पास के क्षेत्र को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि रणनीतिक रूप से अहम कारिडोर के नियोजन से आर्थिक विकास की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाया जाए। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के अधिकारियों ने बताया कि यूपीसीडा की सीमा और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच लगभग 470 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं।
दोगुने से अधिक होगा दायरा
पिछले 10 वर्षों में इस क्षेत्र का निर्मित दायरा दोगुने से अधिक हो चुका है। बताया गया कि निर्मित दायरा वर्ष 2015 में 1962 हेक्टेयर था जो कि वर्ष 2020 में 2656 हेक्टेयर और वर्ष 2025 में 3902 हेक्टेयर(8.33 प्रतिशत) हो गया है।
गौरतलब है कि शुक्लागंज और इसके आसपास के क्षेत्रों में हाल के वर्षों में गोदाम, कोल्ड स्टोरेज और लास्टिक्स के क्षेत्र में तेजी के साथ निवेश बढ़ा है। यही वजह है कि सरकार इस क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एवं लाजिस्टिक क्लस्टर विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।
यह भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा फैसला: अब LDA के दायरे में होगा पूरा लखनऊ जिला, बाराबंकी विकास प्राधिकरण का भी होगा गठन
यूपीसीडा द्वारा उन्नाव में 1144 एकड़ में ट्रांस गंगा सिटी को इंटीग्रेटेड औद्योगिक टाउनशिप के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा उन्नाव में मगरवारा औद्योगिक क्षेत्र, अकरमपुर औद्योगिक क्षेत्र, दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र व बंथर लेदर टेक्नालाजी पार्कों में निवेश के लिए ज्यादा भूमि नहीं बची है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।