विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

योगी सरकार का बड़ा फैसला: अब LDA के दायरे में होगा पूरा लखनऊ जिला, बाराबंकी विकास प्राधिकरण का भी होगा गठन

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:48 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 24 Nov 2026 09:58 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का दायरा पूरे लखनऊ जिले तक बढ़ाने और बाराबंकी विकास प्राधिकरण के गठन का निर्देश दिया है। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. एलडीए का दायरा अब पूरे लखनऊ जिले तक बढ़ाया जाएगा।

  2. बाराबंकी में एक नया विकास प्राधिकरण जल्द ही गठित होगा।

  3. गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की कार्ययोजना बनेगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ।

 

गठन पर बाराबंकी 30वां विकास प्राधिकरण होगा। योगी ने गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम बने। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन(यूपीसीए) आपसी समन्वय से रेवेन्यू शेयर माडल पर निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन कर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करें।

उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र(यूपीएससीआर) की जीआईएस आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 की प्रगति और प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सर्वेक्षण, बेस मैप तैयार करने और क्षेत्रीय विकास की परिकल्पना से जुड़े प्रारंभिक चरण पूरे कर लिए गए हैं।

आपत्तियों और सुझावों के लिए 30 नवंबर तक क्षेत्रीय योजना का प्रारूप तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने आपत्तियों और सुझावों को पारदर्शी तरीके से निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पांच वर्षों की अल्पकालीन परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करने का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

46 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान 

मुख्यमंत्री के समक्ष एससीआर की भौगोलिक एवं आर्थिक रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि 27,826 वर्ग किलोमीटर में शामिल लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव व रायबरेली जिले की मौजूदा आबादी 2.92 करोड़ है जिसके वर्ष 2051 तक बढ़कर 4.9 करोड़ होने का अनुमान है। इस अवधि में शहरी क्षेत्र 29 प्रतिशत से बढ़कर 46 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।

अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025 में 3.58 लाख करोड़ रुपये की नामिनल जीडीपी और 6.7 प्रतिशत की वार्षिक विकास दर के साथ एससीआर, प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 12 प्रतिशत का योगदान दे रहा है।

योगी ने निर्देश दिए कि एससीआर की विकास योजना बनाते वक्त प्रत्येक जिले की विशिष्ट क्षमताओं और आर्थिक संभावनाओं को प्राथमिकता दी जाए।

लखनऊ में अर्बन रेजिलिएंस, रायबरेली में विनिर्माण एवं डिफेंस इंजीनियरिंग, उन्नाव में औद्योगिक विस्तार, बाराबंकी में कृषि-उद्योग एवं इको-टूरिज्म, हरदोई में संडीला औद्योगिक कारिडोर और सीतापुर में नैमिषारण्य के अनुरूप पर्यटन विकास को ध्यान में रखकर क्षेत्रीय नियोजन किया जाए।

प्राधिकरणों के रिक्त पदों को भरने के निर्देश

आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के मंत्री पद का भी दायित्व संभाल रहे मुख्यमंत्री ने बैठक में विकास प्राधिकरणों की कैडर संरचना और मानव संसाधन की उपलब्धता की भी समीक्षा की।

यह भी पढ़ें- मेरठ में 2913 करोड़ से लगेगी एल्युमीनियम कैन फैक्ट्री, यूपी के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार

योगी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर शहरी नियोजन के लिए पर्याप्त एवं योग्य मानव संसाधन को जरूरी बताते हुए निर्देश दिए कि सभी विकास प्राधिकरणों में विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए।

शहरी नियोजन के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानर की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।