लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में चक्रवात अर्णब का दिखेगा असर, आज भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। लखनऊ सहित पूरे राज्य में गरज-चमक ...और पढ़ें

तूफान अर्णब का पूरे प्रदेश पर असर। जागरण
HighLights
चक्रवाती तूफान अर्णब का यूपी के मौसम पर असर।
लखनऊ सहित पूरे राज्य में बारिश और गरज-चमक।
फसलों को नुकसान की आशंका, सुरक्षित रहने की अपील।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्णब का असर अब उत्तर प्रदेश के मौसम पर दिखाई देने लगा है। बुधवार को राजधानी में बादलों का आनाजान लगा रहा। साथ ही, कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई।
गुरुवार को भी राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में आसमान बादलों से घिरा रहेगा। शाम या रात के समय एक या दो बार बारिश या गरज-चमक के आसार हैं। 29 से 31 अक्टूबर तक शहर का अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
प्रादेशिक मौसम केंद्र के अनुसार, 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यानम तट के पास से गुजरने के बाद तूफान अर्णब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में 29 और 30 अक्टूबर के दौरान पूरे राज्य में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, और तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। गुरुवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके साथ ही, पूर्वी यूपी के अलग-अलग इलाकों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का अनुमान है। बेमौसम बारिश और आंधी से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम नागरिकों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में मीरा पांडेय हत्याकांड का मुख्य आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, दूसरा फरार
वहीं, बुधवार को शहर में एक्यूआइ का स्तर 169 तक रहा। केंद्रीय विद्यालय अलीगंज के आसपास एक्यूआइ का स्तर 169, लालबाग का 140, तालकाटोरा का 130 और गोमतीनगर का 102 रहा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव: 2 दिन चली कांटे की टक्कर के बाद भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी जीते, आधिकारिक घोषणा बाकी
