भारत-वेस्टइंडीज T-20 मैच को लेकर लखनऊ में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, यातायात के लिए इन रूटों का होगा इस्तेमाल
लखनऊ में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के कारण मंगलवार को शहीद पथ और आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
मंगलवार दोपहर 3 बजे से मैच समाप्त होने तक यातायात बदलाव।
शहीद पथ समेत आसपास के कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन।
वाहनों के लिए पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। इकाना स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर मंगलवार दोपहर तीन बजे से मैच समाप्त होने तक शहीद पथ समेत आसपास के कई मार्गों पर यातायात बदला रहेगा।
मैच की वजह से मंगलवार दोपहर दो से रात नौ बजे तक शहीद पथ पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है।
पास वाले बड़े वाहन अहिमामऊ से एचसीएल की तरफ जाकर वाटर टैंक तिराहा से प्लासियो होते हुए पार्किंग में खड़े होंगे। बिना पास वाले वाहन अहिमामऊ से एचसीएल होकर जायेंगे। उनमें से पहले आने वाले वाहनों को प्लासियो माल में पार्किंग दिया जायेगा।
प्लासियो माल की पार्किंग भर जाने के बाद वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच पार्किंग होगी। दोपहिया वाहन अहिमामऊ से एचसीएल तिराहा होते हुए प्लासियो माल के पीछे खड़े होंगे। यातायात संबंधी परेशानी पर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
मैच के दौरान का रूट डायवर्जन
कमता से आने वाले बड़े वाहन: कमता शहीद पथ तिराहे से सुल्तानपुर, रायबरेली और कानपुर रोड की ओर जाने वाले वाहन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समतामूलक, लालबत्ती, करियप्पा, तेलीबाग और बाराबिरवा होते हुए किसान पथ से जाएंगे।
कानपुर रोड से आने वाले बड़े वाहन: शहीद पथ कानपुर रोड तिराहे से सुल्तानपुर, रायबरेली और अयोध्या रोड की ओर जाने वाले वाहन बाराबिरवा, बंगलाबाजार, तेलीबाग, करियप्पा, लालबत्ती और 1090 चौराहा होते हुए वैकल्पिक मार्ग से जाएंगे।
सुल्तानपुर रोड से आने-जाने वाले बड़े वाहन: अहिमामऊ से सुल्तानपुर रोड की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें कबीरपुर तिराहा होकर किसान पथ से भेजा जाएगा।
अमूल तिराहा से आने वाला यातायात: अमूल तिराहा से अहिमामऊ की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन लूलू माल कट से शहीद पथ पर जा सकेंगे।
अहिमामऊ से प्लासियो: अहिमामऊ से प्लासियो की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन एचसीएल तिराहा, संस्कृत तिराहा और ओवरहेड गोलचक्कर होकर जाएंगे।
आटो व ई-रिक्शा और कैब: शहीद पथ और सर्विस रोड पर आटो व ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। अहिमामऊ के 500 मीटर दायरे में सवारी उतारने-बैठाने पर भी रोक रहेगी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ की IT सिटी और वरुण विहार स्कीम में अब LDA करेगा भूमि अधिग्रहण, किसानों को सर्किल रेट का चार गुणा मिलेगा पैसे
सिटी बसें चलेंगी : मैच के दौरान सिटी बसें चलेंगी। बसें शहीद पथ पर हुसड़िया व सुशांत गोल्फ सिटी के बीच नहीं रुकेंगी व सड़क की दाईं ओर चलेंगी।
