विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्लफ्रेंड और गेमिंग कर्ज के लिए किशोर ने रचा खुद के अपहरण का नाटक, लखनऊ पुलिस ने किया खुलासा

Published: Mon, 26 Oct 2026 04:34 PM (IST)

एक 17 वर्षीय किशोर ने गर्लफ्रेंड के साथ घूमने और ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज के लिए अपने ही अपहरण की ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. किशोर ने गर्लफ्रेंड और गेमिंग कर्ज के लिए अपहरण का नाटक किया।

  2. पांच लाख की फिरौती मांगी, चेन्नई में शव मिलने का मैसेज भेजा।

  3. लखनऊ पुलिस ने 48 घंटे में किशोर को सकुशल बरामद किया।

जागरण टीम, लखनऊ। गर्लफ्रेंड के साथ घूमने और मौज-मस्ती के अलावा ऑनलाइन गेमिंग की लत ने 17 वर्षीय किशोर को इस कदर कर्जदार बना दिया कि उसने स्वजन से रुपये ऐंठने के लिए अपने ही अपहरण की साजिश रच डाली। पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। स्वजन को धमकाने के लिए चेन्नई के जंगलों में शव तलाशने जैसा मैसेज भी भेजा।

पारा पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से 48 घंटे में किशोर को सकुशल बरामद कर मामले का राजफाश कर दिया। पूछताछ में किशोर ने खुद ही अपहरण और फिरौती की झूठी साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने किशोर के खिलाफ विधिक कार्रवाई की है।

यह है पूरा मामला

डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पारा थाना क्षेत्र निवासी किशोर पहले अपने चाचा के घर रहता था। ऑनलाइन गेमिंग के दौरान वह लगातार कर्जदार होता गया। कई बार चाचा ने उसके कर्जदारों को रुपये भी दिए थे। इसकी शिकायत किशोर के पिता से भी की थी। परेशान होकर चाचा ने उसे अपने घर पर रखने से मना कर दिया।

इसके बाद स्वजन ने आलमबाग स्थित निजी संस्थान से नीट की तैयारी कर रहे किशोर को किराये पर कमरा दिला दिया। 20 अक्टूबर को किशोर रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद स्वजन ने 22 अक्टूबर को पारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

इसी बीच किशोर के भाई, मां, पिता, मामा और चाचा के वाट्सएप पर पांच लाख रुपये की फिरौती के मैसेज आने लगे। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में चेन्नई के जंगलों में किशोर का शव तलाशने जैसा मैसेज भेजा गया। इससे स्वजन घबरा गए और पुलिस को सूचना दी।

बुआ की बेटी ने पैसे भेजे तो पुलिस ने दबोचा

पुलिस के मुताबिक, किशोर ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। दो दिन बाद दूसरे व्यक्ति के हाटस्पाट से इंटरनेट कनेक्ट कर स्वजन को फिरौती के मैसेज और वाट्सएप काल की। वहीं, बुआ की बेटी को मैसेज भेजकर कहा कि वह पता नहीं कहां आ गया है और उसके पास खाने तक के रुपये नहीं हैं। उसे बचाने की गुहार लगाई।

भावुक होकर बुआ की बेटी ने उसके बारकोड पर दो हजार रुपये भी ट्रांसफर कर दिए। ऑनलाइन भुगतान के जरिये सर्विलांस टीम ने किशोर की लोकेशन ट्रेस की और उसे सकुशल बरामद कर लिया। वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दूसरे स्थान पर रह रहा था। गर्लफ्रेंड के साथ घूमने और मौज-मस्ती के लिए रुपये जुटाना उसका मकसद था।

यह भी पढ़ें- DU की छात्रा से 6,450 रुपये की ठगी से खुला 30 करोड़ के साइबर फ्रॉड का नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा से 7 गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- नाबालिगों को लालच देकर बहका रहे विदेश में बैठे तस्कर! चार आरोपी गिरफ्तार, अमृतसर में 16 आधुनिक पिस्टल रिकवर