विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DU की छात्रा से 6,450 रुपये की ठगी से खुला 30 करोड़ के साइबर फ्रॉड का नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा से 7 गिरफ्तार

Published: Mon, 26 Oct 2026 04:04 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने डीयू की एक छात्रा से 6,450 रुपये की ठगी की जांच करते हुए ग्रेटर नोएडा में 30 ...और पढ़ें

arrest
arrest

HighLights

  1. डीयू छात्रा से 6,450 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई।

  2. पुलिस ने ग्रेटर नोएडा में 30 करोड़ का साइबर नेटवर्क पकड़ा।

  3. फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) की एक छात्रा से हुई 6,450 रुपये की ठगी की जांच करते हुए दिल्ली पुलिस ने ग्रेटर नोएडा में चल रहे एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह गिरोह फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को मुहैया कराता था। इन खातों में 30 करोड़ रुपये से अधिक के क्रेडिट ट्रांजेक्शन और देशभर से दर्ज 27 शिकायतें जुड़ी पाई गई हैं।

कुर्ती के विज्ञापन से शुरू हुई थी ठगी

रामजस कॉलेज की छात्रा ने सोशल मीडिया पर कुर्ती का विज्ञापन देखकर 799 रुपये का ऑर्डर दिया था और 400 रुपये एडवांस जमा किए। इसके बाद पार्सल डिलीवरी और रिफंडेबल चार्ज के नाम पर झांसा देकर उससे कुल 6,450 रुपये ऐंठ लिए गए। छात्रा को न तो पार्सल मिला और न ही पैसे वापस हुए, जिसके बाद 4 सितंबर को एफआईआर दर्ज की गई।

छापेमारी में 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने पैसों के लेनदेन और डिजिटल रिकॉर्ड का विश्लेषण कर ग्रेटर नोएडा में छापेमारी की। 16 अक्टूबर को आदित्य मिश्रा, आयुष वर्मा, अभिषेक पाल, हिमांशु राणा, राहुल कुमार और गौरव पांडे को गिरफ्तार किया गया। वहीं, गिरोह के सातवें सदस्य उदित प्रताप सिंह भदौरिया को 21 अक्टूबर को कानपुर से पकड़ा गया।

45 सिम कार्ड, 39 पॉस मशीनें, 33 डेबिट कार्ड बरामद

जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर चालू खाते खुलवाते थे और 25,000 रुपये महीने के किराये पर आगे साइबर ठगों को सौंप देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 मोबाइल फोन, 45 सिम कार्ड, 39 पॉस मशीनें, 33 डेबिट कार्ड, 28 चेकबुक, 2 लैपटॉप और कई दस्तावेज बरामद किए हैं।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- CM रेखा गुप्ता ने दिल्ली सुर घाट पर छठ तैयारियों का लिया जायजा, यमुना में झाग पर क्या बोले मंत्री प्रवेश वर्मा?

यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर घर जाने वालों के लिए बड़ी खबर: दिल्ली रूट पर चलेंगी सबसे ज्यादा रोडवेज बसें