लखनऊ: सोलर उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बने बिजली के बिल, संशोधन के लिए लगा रहे दफ्तरों के चक्कर
लखनऊ में स्मार्ट मीटर और रूफटाप सोलर वाले बिजली उपभोक्ताओं को सही बिल नहीं मिल रहे हैं, जिससे वे लगातार शिकायतें कर रहे हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को आरटीएस के बिल सही नहीं मिल रहे।
सोलर ऊर्जा का बिल में समायोजन न होने से उपभोक्ता परेशान।
बिल संशोधन प्रक्रिया धीमी, उपभोक्ताओं को अधिक भुगतान पड़ रहा।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बिजली विभाग की तमाम कोशिशों के बाद भी बिजली उपभोक्ताओं को समय से बिजली के बिल नहीं मिल पा रहे हैं। कभी बिल में रूफ टाफ सोलर (आरटीएस) से बनने वाली बिजली नहीं जुड़ पा रही है तो कभी बिल ही नहीं मिल रहा है।
नतीजतन उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत करता है तो कभी जोन में बने कार्यालयों में जाकर अभियंताओं से बिल संशोधन का आग्रह कर रहा है, इसके बाद भी बिल संशोधन की प्रक्रिया को गति नहीं मिल पा रही है। बता दें कि राजधानी में सवा लाख के आसपास आरटीएस अब तक लग चुके हैं। इनकी संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। उधर इनमें से सैकड़ों उपभोक्ताओं को बिल सही नहीं मिल रहे हैं।
अमौसी जोन के उपभोक्ता विपिन कहते हैं कि उनका बिजली का बिल तो मिला है लेकिन सोलर से बनने वाली बिजली को कुल बिजली की खपत में घटाया नहीं गया है। ऐसे में बिल को संशोधन करने की जरूरत है। विपिन का खाता संख्या 0643752643 है। बता दें कि लेसा के गोमती नगर जोन, लखनऊ मध्य जोन, जानकीपुरम और अमौसी जोन में सैकड़ों की संख्या में उपभोक्ता परेशान घूम रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान-बांग्लादेश के भारत विरोधी तत्वों को बेचता था फर्जी ई-मेल, ATS को मिली 6 दिन की रिमांड
अभियंता मदद तो उपभोक्ताओं की कर रहे हैं लेकिन चार दिन में होने वाला काम एक सप्ताह से पंद्रह दिन के बीच हो रहा है। इससे उपभोक्ता के मीटर में बिजली की खपत बढ़ रही है और स्लैब बदलने से बिल ज्यादा देना पड़ रहा है। अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार कहते हैं कि जो शिकायतें आ रही हैं उनकी समस्याओं का निस्तारण भी किया जा रहा है।
नोट : अगर आपके परिसर में रूफ टाप सोलर लगा है और बिजली बिल में सोलर से बनने वाली बिजली जुड़कर बिल नहीं बन रहा है तो anshu.dixit@lko.jagran.com पर खाता संख्या, उपभोक्ता का मोबाइल नंबर और पूरी बात कम शब्दों में लिखकर भेज सकते हैं।