विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तान-बांग्लादेश के भारत विरोधी तत्वों को बेचता था फर्जी ई-मेल, ATS को मिली 6 दिन की रिमांड

Published: Mon, 16 Nov 2026 10:44 PM (IST)

फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर विदेशों में बेचने के आरोपित अंकित शंखवार को न्यायालय ने छह दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. अंकित शंखवार फर्जी ईमेल आईडी बेचने के आरोप में गिरफ्तार।

  2. भारत विरोधी तत्वों को बेचता था ईमेल, क्रिप्टो करेंसी में लेता था भुगतान।

  3. एटीएस को छह दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मिली।

विधि संवाददाता, लखनऊ। फर्जी ई-मेल आइडी बनाकर विदेशों में बेचने के आरोपित अंकित शंखवार को न्यायालय ने छह दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेज दिया है। एनआइए/एटीएस मामलों के विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने 17 नवंबर सुबह 11 बजे से 23 नवंबर शाम छह बजे तक पुलिस अभिरक्षा में सौंपने का आदेश दिया। एटीएस ने आरोपित की 10 दिन की रिमांड मांगी थी।

अभियोजन के मुताबिक, कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम अनोइया निवासी अंकित वर्ष 2021 से प्राक्सी नेटवर्क और वाई-फाई के जरिए फर्जी ई-मेल आइडी बना रहा था। वह फेसबुक और वाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की और मिस्र समेत कई देशों के भारत विरोधी तत्वों को ये आईडी बेचता था। इसके बदले क्रिप्टो करेंसी (यूएसडीटी) में भुगतान लेता था।

अभियोजन ने न्यायालय को बताया कि आरोपित को 28 अक्टूबर को कानपुर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद लखनऊ स्थित एटीएस थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि वह ई-मेल आईडी के टू-फैक्टर आथेंटिकेशन (2एफए) और बैकअप कोड हासिल करने के लिए एक वेबसाइट का इस्तेमाल करता था। इससे जीमेल लागिन के दौरान ओटीपी की जरूरत नहीं पड़ती थी। वह सभी आइडी, पासवर्ड और कोड स्प्रेडशीट में सुरक्षित रखकर ग्राहकों को भेजता था।

एटीएस के मुताबिक, आरोपित ने बांग्लादेशी नागरिक अलामीन इस्लाम को एक ई-मेल आइडी बेचने के बदले छह हजार यूएसडीटी प्राप्त किए थे। उसके वाट्सएप पर कई विदेशी नंबरों से बातचीत और क्रिप्टो करेंसी के बड़े लेनदेन के साक्ष्य भी मिले हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ तिहरा हत्याकांड: अब सोशल मीडिया खंगाल रही पुलिस, फायरिंग के वीडियो लाइक करने वाले भी रडार पर

एटीएस ने रिमांड अर्जी में बताया कि दिल्ली और मुंबई में धमकी देने के लिए इस्तेमाल की गई संदिग्ध ई-मेल आइडी, विदेशी एजेंटों से संपर्क और बरामद मोबाइल व लैपटाप के डाटा के संबंध में आरोपित से पूछताछ करनी है। इन तथ्यों की पड़ताल और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए 10 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी गई थी। न्यायालय ने छह दिन की रिमांड मंजूर कर ली।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।