लखनऊ तिहरा हत्याकांड: अब सोशल मीडिया खंगाल रही पुलिस, फायरिंग के वीडियो लाइक करने वाले भी रडार पर
लखनऊ के सआदतगंज तिहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के असलहों की सप्लाई चेन खंगालने के लिए पुलिस अब उसके इंटरनेट मीडिया अकाउंट्स की जांच कर रही है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पुलिस ऋषभ शुक्ला के असलहों की सप्लाई चेन की जांच कर रही है।
आरोपी के इंटरनेट मीडिया अकाउंट्स और फायरिंग वीडियो खंगाले जा रहे हैं।
फायरिंग वीडियो पर लाइक-कमेंट करने वाले भी पुलिस के रडार पर।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला तिहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपित ऋषभ शुक्ला के असलहों की सप्लाई चेन खंगालने में पुलिस जुटी है। अब पुलिस की जांच का दायरा उसके करीबियों और रिश्तेदारों से आगे बढ़कर इंटरनेट मीडिया तक पहुंच गया है।
ऋषभ के इंस्टाग्राम समेत अन्य इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए गए फोटो और वीडियो पुलिस के लिए अहम कड़ी बन गए हैं। इनमें शूटिंग रेंज में फायरिंग करते हुए उसके कई वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस अब इन वीडियो पर लाइक और कमेंट करने वालों का भी ब्योरा जुटा रही है।
पुलिस ने ऋषभ के कई करीबियों और रिश्तेदारों से उनके पास से बरामद असलहों के संबंध में पूछताछ की है। हालांकि शुरुआती पूछताछ में पुलिस को कोई खास सुराग नहीं मिला। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ऋषभ के पास असलहे कहां से आए और उन्हें किसने उपलब्ध कराया।
उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे और असलहों की खरीद-फरोख्त में किसकी भूमिका थी, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस पहले जेल में बंद ऋषभ से असलहों के संबंध में पूछताछ करेगी। इसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर उसे रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस उसे लेकर उसके घर भी जाएगी। आशंका है कि उसने कुछ अन्य असलहे भी छिपाकर रखे हों।
ऐसे में पुलिस उन संभावित ठिकानों की तलाश करेगी। पुलिस उपायुक्त पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि ऋषभ को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उसके मोबाइल की काल डिटेल और इंटरनेट मीडिया अकाउंट की पड़ताल कर संपर्क में रहने वालों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। पूछताछ में असलहों से जुड़े कई अहम राज खुलने की उम्मीद है।
यह था मामला
सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला में 26 अक्टूबर की सुबह कार पार्किंग के विवाद में मर्चेंट नेवी से निष्कासित ऋषभ शुक्ला का पड़ोसी आरएसएस नेता शिवाजी तिवारी से विवाद हो गया था।
यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज: यूपी में मंगलवार से शुरू होगा SSR, संवेदनशील बूथ के सरकारी आदेश जारी
आरोप है कि विवाद के दौरान ऋषभ ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर शिवाजी तिवारी, उनके इकलौते बेटे सुयश और भाई शिवेंद्र तिवारी की हत्या कर दी थी। पुलिस अब तक ऋषभ, उसके पिता, चाचा और बहनों समेत आठ आरोपितों को जेल भेज चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।