लखनऊ में अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदार को हार्ट अटैक-मौत, प्रदर्शन
लखनऊ के राजाजीपुरम में अतिक्रमण हटाते समय एक दुकानदार को हार्ट अटैक आया और उसकी मौत हो गई। इससे नाराज व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

खुशहाल बलेचा l जागरण
HighLights
राजाजीपुरम में अतिक्रमण हटाते समय दुकानदार की मौत।
नाराज व्यापारियों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन।
नगर निगम ने मौत का अभियान से संबंध नकारा।
जागरण टीम , लखनऊ। राजाजीपुरम में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान दुकानदार के हार्टअटैक पड़ने से मौत की घटना से नाराज लोग सड़क पर उतर आए। ई ब्लाक तिराहा पर व्यापारियों ने सड़क जामकर महापौर, राजाजीपुरम व्यापार मण्डल व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दिया।
मौके पर एसीपी बाजारखाला वीरेंद्र विक्रम, तालकटोरा, बाजारखाला, सआदतगंज की पुलिस पहुंचकर व्यापारियों को समझाने में जुट गई। व्यापारी नगर निगम जोन दो के सुपरवाइजर सर्वेश कुमार के निलंबन की मांग पर अड़े रहे। हालांकि अतिक्रमण राजाजीपुरम व्यापार मंडल के पत्र पर ही हटाया जा रहा था।
राजाजीपुरम ई ब्लाक मार्केट व टड़ियन हनुमान मंदिर रोड और ई ब्लाक सब्जी मण्डी तक सड़क के दोनों ओर पटरियों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान नगर निगम और तालकटोरा पुलिस से व्यापारियों की नोक झोंक भी हुई। नगर निगम की टीम ने खुशहाल बलेचा, विशाल बलेचा, पंकज गुप्ता, शिवम गुप्ता, सोनू शुक्ला, दिव्या फोटोस्टेट, सुमन सहित टडियन हुनमान मंदिर व ई ब्लाक सब्जी मंडी रोड पर सड़क के दोनों ओर पटरियों पर पक्के व अस्थाई अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।
इसी दौरान ई ब्लाक मार्केट के पंसारी दुकानदार 55 वर्षीय खुशहाल बलेचा को हार्टअटैक पड़ गया। उन्हें लारी कार्डियोलाजी ले जाया गया, जहां खुशहाल की मौत हो गई। पंसारी दुकानदार की मौत की जानकारी होते ही व्यापारी आक्रोशित हो गए। उधर, नगर निगम के जोनल अधिकारी जोन दो संजय यादव ने बताया कि यह कार्रवाई राजाजीपुरम व्यापार मंडल के अध्यक्ष ऋषभ गुप्ता द्वारा 18 फरवरी को दी गई शिकायत के आधार पर की गई।
यह भी पढ़ें- यूपी में पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने पर लगी रोक, CM योगी के निर्देश पर बनाई गई जांच कमेटी
अतिक्रमण के कारण आवागमन में होने वाली असुविधा की वजह से नगर निगम ने पुलिस बल की उपस्थिति में अभियान चलाया। इस दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष ऋषभ गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों का भी सहयोग रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से हुई, जिसमें न तो किसी प्रकार का बल प्रयोग किया गया और न ही किसी से दुर्व्यवहार किया गया।
अभियान समाप्त होने के लगभग साढ़े तीन घंटे बाद व्यापारी के निधन की खबर सोशल मीडिया में प्रसारित हुई। इस घटना से नगर निगम प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान का कोई संबंध नहीं है।
