विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में 4000 का पेट्रोल डलवाकर भागे कार सवार, रोकने पर सेल्समैन को 150 मीटर तक घसीटा; हालत गंभीर

Published: Tue, 10 Nov 2026 07:47 PM (IST)

लखनऊ के गोसाईंगंज में पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान भागे कार सवारों ने एक सेल्समैन को 150 मीटर तक घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान भागे कार सवार युवक।

  2. सेल्समैन को 150 मीटर तक घसीटा, गंभीर घायल।

  3. पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।

जागरण टीम, लखनऊ। गोसाईंगंज में पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान भाग रहे कार सवार युवकों ने एक सेल्समैन को करीब 150 मीटर तक घसीटा। आरोपितों ने उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल सेल्समैन को एपेक्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वारदात पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई।

गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के रहमतनगर में सैनिक ढाबे के पास स्थित जीएस फिलिंग स्टेशन की है। पंप मैनेजर सुशील कुमार वर्मा के मुताबिक, आठ नवंबर की तड़के करीब 4:20 बजे बिना नंबर की काले रंग की कार पेट्रोल भरवाने पहुंची। कार पर हाईकोर्ट अधिवक्ता का स्टीकर लगा था। कार सवारों के कहने पर सेल्समैन सचिन कुमार ने मीटर का जीरो चेक किया और चार हजार रुपये का पेट्रोल भरा।

भुगतान के लिए आरोपितों ने क्यूआर कोड मांगा। सचिन ने स्कैनर दिया, तो उन्होंने भुगतान होने की बात कही। खाते में रुपये नहीं पहुंचे, इस पर सचिन ने उन्हें इसकी जानकारी दी। आरोपितों ने फिर क्यूआर कोड मांगा और अचानक कार लेकर भागने लगे। सचिन ने गेट पकड़कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी।

करीब 150 मीटर तक घिसटने के बाद आरोपितों ने सचिन को धक्का दे दिया। मैनेजर और कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसी फुटेज कब्जे में ली। डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक ने बताया कि मैनेजर की तहरीर पर हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। हाईवे और आसपास के रास्तों के कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

यह भी पढ़ें- संभल हिंसा: फरार शारिक साठा और आमिर के घर ढोल बजाकर मुनादी, पुलिस ने चस्पा किया नोटिस

आशियाना में गार्ड को पीटा, पेट्रोल पंप के केबिन में तोड़फोड़: आशियाना के एलडीए कालोनी सेक्टर-आइ स्थित पेट्रोल पंप पर विवाद के बाद मारपीट और तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मैनेजर विजय कुमार तिवारी के मुताबिक, आठ नवंबर की रात करीब 11 बजे दो ग्राहक स्कूटी से पहुंचे थे। इसी दौरान तिवारी टेंट हाउस के कर्मचारी सूरज, मुन्ना और अर्जुन से विवाद हो गया।

क्या है आरोप?

आरोप है कि तीनों ने गार्ड वीरेंद्र कुमार को पीटा और जान से मारने की धमकी दी। मैनेजर के अनुसार, नौ नवंबर की देर रात 1:58 बजे मोबाइल फोन से कर्मचारी प्रद्युम्न सिंह को धमकी दी गई कि पंप नहीं चलने देंगे और सभी को मारेंगे। इस दौरान केबिन और अलमारी का शीशा भी तोड़ा गया। इंस्पेक्टर गजेंद्र राय ने बताया कि मैनेजर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।