अक्टूबर के अंत तक चमकेंगी लखनऊ की सड़कें, मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दी आखिरी डेडलाइन
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने लखनऊ मंडल की सड़कों को अक्टूबर अंत तक गड्ढामुक्त करने और पेंशन योजनाओं के लंबित प्रकरणों को 30 सितंबर तक निपटाने का निर्देश दिया।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
अक्टूबर अंत तक लखनऊ मंडल की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त।
पेंशन योजनाओं के लंबित प्रकरणों का 30 सितंबर तक निस्तारण।
सीतापुर-खीरी में फायरिंग रेंज हेतु भूमि का चयन।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मंडल की चिन्हित सड़कों को अक्टूबर माह के अंत तक गड्ढामुक्त किया जाए। साथ ही विभिन्न पेंशन योजनाओं के लंबित प्रकरणों का 30 सितंबर तक शत-प्रतिशत निस्तारण करें। इन दोनों कार्यों को लेकर किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने शुक्रवार को आयुक्त सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों की उन सड़कों को जो पीडब्ल्यूडी की हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त किए जाने के निर्देश दिए।
समय पर काम पूरा करने के दिए आदेश
बैठक में लखनऊ समेत हरदोई, खीरी, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव में चल रही योजनाओं की जनपदवार समीक्षा की। मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि चिन्हित सड़कों की मरम्मत और गड्ढामुक्त का काम निर्धारित समय सीमा में पूरा हो।
यह भी पढ़ें- यूपी में बनेंगे 35 रोड-फ्लाईओवर और बाईपास, आगरा-रामपुर सहित इन जिलों की सड़कों का होगा चौड़ीकरण
साथ ही काम की गुणवत्ता का सत्यापन भी कराया जाए। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में एक से तीन वर्ष अथवा उससे अधिक समय से लंबित वादों को प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा। मंडलायुक्त ने आइजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में खानापूर्ति न कर शिकायत के मूल बिंदु की जांच कर तथ्यपरक और संतोषजनक निस्तारण करने तथा निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर बात कर उसकी संतुष्टि जानने को कहा।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
सीतापुर-खीरी में फायरिंग रेंज के लिए तलाशी जा रही भूमि
भारतीय सेना के प्रस्तावित फायरिंग रेंज के लिए करीब 250 से 300 एकड़ भूमि का चयन होना है। इसके लिए मंडलायुक्त ने सीतापुर और लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारियों को भूमि का परीक्षण कर उपयुक्त स्थल चिह्नित करने को कहा गया। साथ ही भूमि की उपयुक्तता, उपलब्धता और निर्धारित मानकों काे ध्यान में रखकर समय पर प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए।
