विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद बना उत्तर प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर, सर्वेक्षण में देश में लगातार दूसरी बार तीसरे स्थान पर रहा लखनऊ

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:00 AM (IST)

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान बरकरार रखा है, जबकि गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर बनकर उभरा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. लखनऊ ने राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरा स्थान बरकरार रखा।

  2. गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर घोषित हुआ।

  3. वाराणसी ने नदी तटीय नगरों में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। स्वच्छता की राष्ट्रीय रैंकिंग में प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने अपनी चमक बरकरार रखी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ एक बार फिर देश में तीसरे स्थान पर आया है, जबकि गाजियाबाद प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर बनकर उभरा है।

वाराणसी ने नदी तटीय नगरों की श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष प्रयागराज इस श्रेणी में देश में अव्वल था। ऐसे में इस बार वाराणसी की उपलब्धि के साथ प्रयागराज की स्थिति में बदलाव भी चर्चा का विषय है।

नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शहरों को सम्मानित किया। लखनऊ ने लगातार दूसरे वर्ष देश के शीर्ष तीन बड़े स्वच्छ शहरों में जगह बनाई है। पिछले वर्ष शहर ने 44वें स्थान से लंबी छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया था।

इस बार भी उसने यही स्थान कायम रखा है। पिछले वर्ष इस श्रेणी में लखनऊ के बाद आगरा 10वें, गाजियाबाद 11वें, प्रयागराज 12वें और वाराणसी 17वें स्थान पर थे। इस बार सर्वेक्षण में प्रदेश के अन्य शहरों की रैंकिंग अभी जारी नहीं की गई है।

इस बार प्रदेश में गाजियाबाद ने सबसे स्वच्छ नगर का खिताब हासिल कर अपनी स्थिति मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण के 10वें संस्करण में नगरीय निकायों का मूल्यांकन 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर किया गया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दीपावली पर निकला 3719 टन कचरा, नगर निगम ने चलाया विशेष अभियान

इसमें कचरे का पृथक्करण, घर-घर संग्रहण और परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच, मल-कीचड़ निष्कासन सेवाओं का मशीनीकरण, इस्तेमाल किए गए पानी का प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों का कल्याण शामिल रहा। इस बार नदी तटों, समुद्र तटों, जल निकायों, पर्यटन एवं विरासत स्थलों की स्वच्छता और स्कूलों में व्यवहार परिवर्तन पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

प्रदेश के शहरों की उपलब्धियां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। सफाई मित्रों, नगरीय निकायों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की सहभागिता से शहरों की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हुई है। सरकार का प्रयास है कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों के विकास को और गति दी जाए।
एके शर्मा, नगर विकास मंत्री

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।