राजधानी लखनऊ में डेंगू का कहर जारी, एक सप्ताह में 66 मामले दर्ज; इंदिरानगर सबसे अधिक प्रभावित
लखनऊ में बदलते मौसम के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, पिछले एक सप्ताह में डेंगू के 66 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
लखनऊ में एक सप्ताह में 66 नए डेंगू मामले।
इंदिरानगर और चंदरनगर में सर्वाधिक मरीज मिले।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता और बचाव के उपाय।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बदलते मौसम में संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। मच्छर जनित बीमारी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह में हर दिन नए मामले देखने का मिल रहे हैं। सोमवार से लेकर शनिवार तक डेंगू के कुल मामलों की संख्या 66 हो चुकी है।
ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर दिन अलग-अलग इलाकों में सर्वेक्षण और जागरूकता कार्यक्रम कराया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच की जा रही है और उन्हें बीमारी से बचने के उपाय बताए जा रहे है।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में तेजी से फैल रहा डेंगू तो बढ़ा खतरा, बेली अस्पताल में 11 और SRN में सात मरीज भर्ती
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मंगलवार को सिर्फ दो डेंगू के मामले पाए गए थे। बुधवार को 10 नए मामले मिले। वहीं, गुरुवार का 21, शुक्रवार का 16 और शनिवार का 17 नए मामले मिले। पूरे सप्ताह में इंदिरानगर में सबसे अधिक 17 डेंगू के मामले दर्ज हुए हैं। इसके बाद दूसरे स्थान पर चंदरनगर है, जहां अब तक नौ डेंगू के मामले मिले।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनबी सिंह ने बताया कि मच्छरों की ब्रीडिंग रोकने के लिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें। अनावश्यक कंटेनर, कबाड़, टायर व नारियल के खोल में पानी जमा न होने दें। साथ ही, मौसमी बीमारियों से जुड़ी जानकारी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय लखनऊ कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क भी कर सकते है।
