प्रयागराज में तेजी से फैल रहा डेंगू तो बढ़ा खतरा, बेली अस्पताल में 11 और SRN में सात मरीज भर्ती
प्रयागराज में डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, बेली और एसआरएन अस्पतालों में 18 मरीज भर्ती हैं। नगर ...और पढ़ें

प्रयागराज में डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं।
HighLights
गली मुहल्लों में गड्ढों में भरा है बरसाती पानी, पनप रहे लार्वा
नगर निगम की ओर से फागिंग कराने का दावा भी हवा-हवाई
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। डेंगू तेजी से संगम नगरी में फैल रहा है। अस्पतालों में इसके मरीज भर्ती हैं। 400 से अधिक नमूने विभिन्न पैथोलाजी में जांच के लिए जमा हैं। इससे खतरा बढ़ने की आशंका प्रबल है। एडीज मच्छरों के लार्वा गड्ढों में भरे बरसात के पानी और घरों में पनप रहे हैं। एंटी लार्वा का छिड़काव करने वाली टीमें कब आकर लौट जा रही हैं मुहल्ले वासियों को इसका पता नहीं चल रहा। इन दिनों नगर निगम की ओर से फागिंग कराने का दावा भी हवा-हवाई साबित हो रहा है, क्योंकि मरीजों की संख्या दिनोंदिन बढ़ रही है।
बुखार के मरीजों का हो रहा डेंगू टेस्ट
टीबी सप्रू चिकित्सालय 'बेली अस्पताल' के डेंगू आरक्षित वार्ड में बुधवार को 11 मरीज भर्ती रहे। यहां मरीजों का हालचाल लेने पहुंचे चिकित्साधीक्षक डॉ. प्रशांत पांडेय ने बताया कि बुखार के अधिकांश मरीजों का डेंगू टेस्ट कराया जा रहा है। साधारण परिवार ही नहीं, ऐसे लोग भी डेंगू से संक्रमित हुए हैं जिनके घरों में साफ सफाई की उम्मीद शत प्रतिशत की जाती है।
नगर निगम टीम नहीं कर रही फागिंग
वार्ड में भर्ती डेंगू मरीजों और उनके तीमारदारों ने बताया कि घरों के बाहर गड्ढों में बारिश का पानी अब तक भरा है। नगर निगम से कोई टीम फागिंग करने या एंटी लार्वा छिडकाव के लिए नहीं पहुंची। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के डेंगू वार्ड में सात मरीज भर्ती मिले। जबकि ओपीडी में आए बुखार पीड़ित कई लोगों में डेंगू के लक्षण मिले। फिजीशियन ने ऐसे सभी मरीजों को डेंगू की जांच कराने का परामर्श दिया।
फागिंग हुई लेकिन असर नहीं हुआ
प्रीतमनगर की एचआइजी कालोनी में सुमन और सरोजनी ने बताया कि तीन दिनों पहले फागिंग करने वाली टीम आई थी, धुआं उड़ाकर टीम तो लौट गई लेकिन मच्छरों का हाल जस का तस है। अबूबकरपुर में रहने वाले मो. सलाम और हरवारा निवासी रामकैलाश के घर के पास साफ पानी में लार्वा पनपते दिखे। यहां लोगों ने बताया कि दवा छिड़काव के लिए टीम नहीं आई। कहा कि फागिंग तो पिछले दिनों हुई थी लेकिन पता नहीं दवा कैसी है, मच्छरों पर असर नहीं हुआ।
सोते समय जरूर लगाएं मच्छरदानी
इन दिनों डेंगू रफ्तार पकड़ रहा है तो सचेत रहने की भी आवश्यकता है। घरों में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें तो सुरक्षित रहेंगे। बच्चों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाएं। कूलर की टंकी में पानी दो से तीन तक न रहने दें। उसे बदलते रहें।
मंगलवार तक डेंगू के आठ मरीज अस्पतालों में भर्ती रहे। बुधवार की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई। अस्पतालों में सभी तैयारियां हैं, शहर और ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में भी बेड आरक्षित हैं। नगर निगम की टीमें एंटी लार्वा का छिड़काव कर रही हैं, इसकी रिपोर्ट आती रहती है।
- डॉ. एके तिवारी, सीएमओ।
