लखनऊ में बिना e-KYC नहीं मिलेगा राशन, 30000 कार्डधारकों का वेरिफिकेशन अटका
लखनऊ में 30 हजार राशन कार्डधारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है, जिसके बिना उन्हें राशन नहीं मिलेगा। नए और पुराने दोनों तरह के कार्डधारकों को उचित दर विक्रेता या 'मेरा ई-केवाईसी' ऐप के माध्यम से सत्यापन पूरा करना होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
लखनऊ में 30 हजार राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी लंबित।
बिना ई-केवाईसी सत्यापन के राशन वितरण नहीं होगा।
उचित दर विक्रेता या 'मेरा ई-केवाईसी' ऐप से सत्यापन करें।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। नया राशन कार्ड बनवाने वाले नए परिवारों के साथ पुराने कार्डधारकों की भी ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है। ऐसे में सत्यापन के बाद ही उन्हें राशन मिलेगा। लखनऊ में 15 हजार नए और लगभग इतने ही पुराने राशन कार्डधारकों की केवाईसी नहीं हुई है। इन्हें शीघ्र सत्यापन के लिए कहा गया है।
खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार, ई-केवाईसी पूरी होने के बाद ही नए राशन कार्ड पर खाद्यान्न का वितरण किया जा सकेगा। परिवार के किसी सदस्यों की ई-केवाईसी लंबित रहने पर राशन प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। ई-केवाईसी कराने के लिए दो विकल्प दिए गए हैं। कार्डधारक अपने नजदीकी उचित दर विक्रेता यानी कोटेदार की दुकान पर जाकर ई-पास (इलेक्ट्रानिक प्वाइंट आफ सेल) मशीन के माध्यम से परिवार के सदस्यों का सत्यापन करा सकते हैं।
कैसे पूरी कर सकते हैं प्रक्रिया?
इसके अलावा घर बैठे ''मेरा ई-केवाईसी'' एप के माध्यम से भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। परिवार के किसी सदस्य की ई-केवाईसी लंबित रहने पर राशन प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। डीएसओ विजय प्रताप सिंह ने कहा कि नए राशन कार्ड धारकों को इस प्रक्रिया को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि राशन वितरण के समय किसी तरह की दिक्कत न हो।
केवल मुखिया की ई-केवाईसी कराना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि राशन कार्ड में दर्ज परिवार के सभी सदस्यों का सत्यापन जरूरी है। ऐसे में नए राशन कार्ड बनवाने वाले परिवार समय रहते सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी करा लें।
यह भी पढ़ें- 25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार... यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र
राशन कार्ड और ई-केवाईसी से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा विभाग के टोल फ्री नंबर 1967 पर भी जानकारी ले सकते हैं।