लखनऊ रेलवे स्टेशन पर एंट्री की सिक्योरिटी टाइट, प्लेटफॉर्म के रास्ते पर बैरिकेडिंग भी लगाने की तैयारी
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर अब प्लेटफॉर्म 2 से 7 तक जाने वाले यात्रियों को एस्केलेटर के पास सुरक्षा जांच से ...और पढ़ें

HighLights
एस्केलेटर से प्लेटफॉर्म 2-7 पर जाने वालों की जांच होगी।
डीएफएमडी और लगेज स्कैनर सुरक्षा जांच के लिए लगाए गए।
बम की धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा हुई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। रेलवे मजिस्ट्रेट न्यायालय के बगल से एस्केलेटर के जरिए दो से सात नंबर प्लेटफार्म तक जाने वाले यात्रियों को सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। रेलवे सुरक्षा बल ने प्रवेश करने वाले यात्रियों और उनके सामान की जांच के लिए यहां आवश्यक उपकरण लगा दिए हैं। रेलवे जल्द ही यार्ड और अन्य खुले हुए हिस्सों पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करेगा।
दरअसल, आए दिन लखनऊ स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलती रहती है। करीब 101 साल पुराने इस रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का रिव्यू पिछले दिनों जोनल मुख्यालय के अधिकारियों ने किया था।
एस्केलेटर के पास चार डीएफएमडी और लगेज स्कैनर
रेलवे सुरक्षा बल के आयुक्त देवांश शुक्ल ने न्यायालय के बगल के खुले हिस्से को भी जांच के दायरे में लाने का प्रस्ताव दिया था। इसके तहत चार डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) और लगेज स्कैनर का प्रस्ताव तैयार किया गया था। मुख्यालय से बजट मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने एस्केलेटर के पास चार डीएफएमडी और लगेज स्कैनर लगा दिया है।
इसका कनेक्शन करने के बाद ट्रायल भी पूरा हो गया है। अब डीएफएमडी की जगह उसके बगल से होकर कोई यात्री सीधे प्लेटफार्मों तक न पहुंच जाए, इसके लिए जल्द ही बैरिकेडिंग भी लगाने की तैयारी है।
भीड़भाड़ प्रबंधन के उपाय
रेलवे सुरक्षा से जुड़े शीर्ष अधिकारी के मुताबिक, लखनऊ प्रदेश के व्यस्त स्टेशनों में से एक है। प्रतिदिन करीब 240 ट्रेनों से डेढ़ लाख यात्री गुजरते हैं। रेलवे बोर्ड ने दीपावली जैसे अवसरों पर भीड़भाड़ से प्रबंधन के उपाय सुरक्षा के मद्देनजर ही दिए हैं। इसे देखते हुए चरणबद्ध तरीके से स्टेशन, परिसर और खुले हुए यार्ड को बैरिकेटिंग या दीवार के माध्यम से कवर करने की तैयारी है।
स्थल का भौतिक सर्वे कराकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के लिए एक व्यापक प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। अगले माह उस प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। प्रस्ताव पर सहमति बनी तो उसका बजट भी रेल मंत्रालय से मिल सकेगा।
घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सुरक्षा जांच में भीड़ के समय कुछ अतिरिक्त समय लग सकता है। ऐसे में यात्री अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। विशेषकर छुट्टी और पर्वों के समय सतर्कता बरतें।
